राजनांदगांव
रातभर बिजली की आंख-मिचौली
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 मार्च। जिले में बीती रात को तेज गर्जना के साथ बारिश हुई। अचानक बरसे बादल से मौसम खुशगवार हो गया ।
बुधवार को दिनभर जहां बादल छाए रहे वही गर्मी और तेज धूप से लोगों को काफी राहत मिली। पिछले सप्ताहभर से पारा 40 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर रहा। तापमान बढऩे से धूप की चूभन से लोग परेशान थे। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार तेज बारिश से वातावरण पूरी तरह से बदल गया। मौसम के मिजाज बदलने की वजह से आज लोगों को गर्मी का अहसास नही हुआ। पिछले कुछ दिनों से लगातार दिन और रात के तापमान के क्रमवार बढ़ोत्तरी हो रही थी। मौसम विभाग ने इस साल भीषण गर्मी पडऩे का अंदेशा जताया है। मार्च के दूसरे पखवाड़े में गर्मी के तेवर काफी सख्त रहा।
अपै्रल और मई के महीने में पडऩे वाली गर्मी से लोग थर्रा उठे है। इस बीच गुजरी रात को तेज बारिश के साथ तेज हवाएं चली। इस वजह से बिजली गुल होने से लोगों की नींद भी हराम रही। बिजली की आंख-मिचौली से लोगों को पूरी रात परेशानी का सामना करना पड़ा। बताया जाता है कि कई इलाकों में सुबह तक बिजली गुल रही। इसके बाद लोगों ने बिजली विभाग में फोन लगाकर बिजली गुल की शिकायत की। विभाग ने कई क्षेत्रों में समस्या को दूर करने के लिए लाईनमेन की अलग-अलग टीमों को भेजा। अंधड़ की वजह से कई बस्ती और कॉलोनी में पूरी रात अंधेरा छाया रहा। इस बीच बारिश की वजह से लोगों को गर्मी के बजाए ठंडकता से सुकून मिला।
एक जानकारी के अनुसार खैरागढ़ जिलें के गंडई क्षेत्र में ओलावृष्टि भी हुई। ओला गिरने से गेंहू और ग्रीष्मकालीन धान की फसल को नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।