राजनांदगांव

राजनांदगांव प्रेस क्लब अध्यक्ष समेत सचिव-कोषाध्यक्ष के लिए मतदान कल
14-Mar-2026 8:36 PM
राजनांदगांव प्रेस क्लब अध्यक्ष समेत सचिव-कोषाध्यक्ष के लिए मतदान कल

अध्यक्ष पद के लिए 2, सचिव व कोषाध्यक्ष के लिए 8 उम्मीदवार मैदान में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 14 मार्च। प्रेस क्लब राजनांदगांव के तीन पदों के लिए मतदान कल 15 मार्च को होगा। राजनांदगांव प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी के लिए अध्यक्ष, सचिव , कोषाध्यक्ष के उम्मीदवारों की किस्मत  का फैसला कल मतदान के बाद साफ हो जाएगा।

अध्यक्ष के लिए निवर्तन प्रेस क्लब अध्यक्ष सचिन अग्रहरि और कमलेश स्वर्णकार के बीच मुकाबला है। वहीं सचिव और कोषाध्यक्ष के लिए कुल 8 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। कल रविवार को सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक मतदान होगा। इसके बाद मतों की गणना होगी। देर शाम तक नतीजे सामने आ जाएंगे। इधर अध्यक्ष पद के लिए सीधी टक्कर है। कोषाध्यक्ष पद के लिए 3 प्रत्याशी मैदान में हैं। जबकि सचिव पद के लिए सबसे ज्यादा 5 प्रत्याशी मैदान में है। नाम वापसी के अंतिम दिन शुक्रवार शाम 5 बजे तक तीन पदों के लिए 7 प्रत्याशियों ने अपने नाम वापस ले लिया।

निर्वाचन अधिकारी उमाकांत भारद्वाज ने बताया कि शुक्रवार दोपहर 2 बजे तक नामांकन पत्र दाखिला और शाम 5 बजे तक नाम वापसी का मौका था और कुल 7 लोगों ने विभिन्न पदों से अपनी दावेदारी वापस ले ली है। शुक्रवार को अध्यक्ष पद से अजय सोनी,  ऋषि मिश्रा जग्गा, संजय सिंह राजपूत, कोषाध्यक्ष पद से मनोज राठौर एवं दीपक कुमार साहू तथा सचिव पद से आलोक शर्मा एवं दीपक कुमार साहू ने अपने नाम वापस ले लिए हैं।

अब अध्यक्ष पद के दावेदार के रूप में सचिन अग्रहरि एवं कमलेश स्वर्णकार, कोषाध्यक्ष पद के दावेदार के रूप में बसंत शर्मा, रवि सिंह ठाकुर एवं प्रमोद कुमार शेंडे तथा सचिव पद के दावेदार के रूप में अनिल त्रिपाठी, विक्रम बाजपेई, योगेश शर्मा, सुरेंद्र गुप्ता एवं मनोज राठौर मैदान में हैं। श्री भारद्वाज ने बताया कि चुनाव कार्य में अधिवक्ता मनोज चौधरी, विमल हाजरा, गुनेंद्र साव, खेमराज वर्मा, मनीष तिवारी, सुनीता वर्मा सहित अन्य का सहयोग मिल रहा है। उन्होंने बताया कि मतदान 15 मार्च को सुबह 10  से दोपहर 2 बजे तक होगा। इसके बाद मतगणना होगी और परिणामों की घोषणा की जाएगी। उन्होंने बताया कि मत  पत्र में नाम अल्फाबेटिक  होंगे। उन्होंने बताया कि परिणामों की घोषणा होने के बाद विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र विपरीत किए जाएंगे।


अन्य पोस्ट