राजनांदगांव

प्रशिक्षण लेकर जिम्मेदारी से करें जनगणना कार्य-कमिश्नर
14-Mar-2026 4:21 PM
प्रशिक्षण लेकर जिम्मेदारी से करें जनगणना कार्य-कमिश्नर

 जनगणना 2027 का प्रथम चरण 1 मई से
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 14 मार्च।
 संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर ने कहा कि आगामी जनगणना 2027 के प्रथम चरण का कार्य 1 मई 2026 से प्रारंभ किया जाएगा। इसके अंतर्गत मकानों की जनगणना की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनगणना का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण होता है और इसे पूरी शुद्धता तथा जिम्मेदारी के साथ किया जाना चाहिए।

 संभागायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते कहा कि जनगणना कार्य के लिए आयोजित प्रशिक्षण को गंभीरता से लें और पूरी जानकारी प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े देश के विकास की रूपरेखा, विभिन्न योजनाओं के निर्माण तथा प्रशासनिक इकाइयों के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए यह कार्य अत्यंत सावधानी और शुद्धता के साथ किया जाना आवश्यक है।
कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने बताया कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण के लिए सुपरवाइजर और संगणक की ड्यूटी निर्धारित कर दी गई है। इस कार्य में ऐसे अधिकारियों को नियुक्त किया गया है, जो आगामी एक से डेढ़ वर्ष तक निरंतर इस कार्य को कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्रशिक्षण का द्वितीय चरण आयोजित किया जा रहा है तथा जनगणना के अंतर्गत मकानों की नंबरिंग का कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया है। मकानों की नंबरिंग पूर्ण होने के बाद जनगणना का कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनगणना 2027 का कार्य पूर्ण पारदर्शिता और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह, अपर कलेक्टर सीएल मारण्कडेय, अपर कलेक्टर प्रेमप्रकाश शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

 राजस्व प्रकरणों के निराकरण में लाएं तेजी
संभागायुक्त ने शुक्रवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में राजस्व एवं नगरीय निकायों के अधिकारियों की बैठक लेकर राजस्व से संबंधित कार्यों की समीक्षा की। इस अवसर पर कलेक्टर जितेन्द्र यादव उपस्थित थे।  संभागायुक्त श्री राठौर ने अधिकारियों को निर्देशित करते कहा कि राजस्व से संबंधित प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाई जाए।
 उन्होंने कहा कि राजस्व न्यायालयों में किसी भी प्रकरण में बिना दोनों पक्षों की सुनवाई के आदेश जारी न किया जाए। दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद ही नियमानुसार आदेश जारी किए जाएं। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में नक्शा बटांकन, नामांतरण, सीमांकन सहित अन्य राजस्व संबंधी कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा अधिकारियों को सभी प्रकरणों का नियमानुसार और समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगरीय निकायों के अधिकारियों को निर्देशित करते कहा कि आगामी गर्मी के मौसम को देखते शहरों में पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने नगरों में प्रतिदिन साफ-सफाई कराने तथा नालियों की समय रहते सफाई कराने के निर्देश दिए, ताकि बारिश के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह, अपर कलेक्टर सीएल मारकंडेय, अपर कलेक्टर प्रेमप्रकाश शर्मा सहित राजस्व एवं नगरीय निकायों के अधिकारी उपस्थित थे।
 


अन्य पोस्ट