राजनांदगांव

रेंज स्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित
11-Mar-2026 5:11 PM
रेंज स्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 मार्च।
नशीली दवाओं के बढ़ते खतरे को रोकने और समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से 10 मार्च को पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज द्वारा पुलिस लाइन राजनांदगांव के मंगल भवन में एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य केंद्र नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम  1985 के प्रावधानों और उनकी व्यावहारिक चुनौतियों पर चर्चा करना था।

कार्यशाला के मुख्य बिंदुओं में कानूनी जागरूकता  में प्रशिक्षण सत्र में विषय विशेषज्ञों द्वारा एनडीपीएस अधिनियम की महत्वपूर्ण धाराएं, तलाशी एवं जब्ती की वैधानिक प्रक्रिया, साक्ष्य संधारण, केस डायरी लेखन, चार्जशीट तैयारी तथा न्यायालयीन प्रक्रिया में आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों पर विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन किया गया, ताकि जांच में कोई तकनीकी खामी न रहे।  प्रक्रियात्मक प्रशिक्षण में मादक पदार्थों की पहचान, उनकी सैंपलिंग प्रक्रिया और कानूनी दस्तावेजों को तैयार करने के सही तरीकों पर विशेष जोर दिया गया। कठोर प्रावधान में कार्यशाला में बताया गया कि कॉमर्शियल मात्रा में ड्रग्स पाए जाने पर 10 से 20 वर्ष तक के कठोर कारावास का प्रावधान है।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज बालाजी राव ने कहा कि वर्तमान समय के परिपेक्ष में स्मार्ट पुलिसिंग करते हुए नई-नई वैज्ञानिक  तकनीकों और विभिन्न पोर्टल का उपयोग करें और एनडीपीएस के अलावा अन्य सभी  प्रकरणों में आरोपियों की दोष सिद्धि में बढ़ोतरी की जाए। मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई, तकनीकी रूप से मजबूत विवेचना एवं टीम वर्क की आवश्यकता पर बल दिया और इस कार्यशाला को सभी विवेचको के लिए बहुत उपयोगी बताया। प्रशिक्षण में केके चतुर्वेदी (डीडीपी महासमुंद), उप पुलिस अधीक्षक केशरी नंद नायक, अधीक्षक अनिल कुमार (नारकोटिक्स क्राइम ब्यूरो), पूर्व डीएसपी राकेश जोशी सहित वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में कार्यालय पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  गीता वाधवानी, उप पुलिस अधीक्षक नवी मोनिका पांडे, एसडीओपी गंडई मानक लाल कश्यप, एसडीओपी मानपुर नोहरलाल मंडावी सहित राजनांदगांव रेंज के चारों जिलों से सहायक उप निरीक्षक से निरीक्षक स्तर तक कुल लगभग 66 अधिकारियों ने सहभागिता दी।


अन्य पोस्ट