राजनांदगांव
निजी स्कूल में पदस्थ, रायपुर में उपचार के दौरान तोड़ा दम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 9 मार्च। खैरागढ़ की बीच बस्ती किल्लापारा में शनिवार सुबह एक सडक़ हादसे में निजी स्कूल की शिक्षिका की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ, जब शिक्षिका अपने बेटे के साथ बाइक में सवार होकर स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। किल्लापारा पहुंचने पर बाइक में पल्लू फंसने से शिक्षिका नीचे गिर गई। हादसे में उसे जबर्दस्त चोट पहुंची। गंभीर हालत में उसे रायपुर ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक खैरागढ़ के वेसलियन स्कूल में पदस्थ शिक्षिका मर्सी बचईया रोज की तरह अपने बेटे के साथ स्कूल जाने के लिए बाइक से घर से निकली। किल्लापारा के पास लगभग 8.45 बजे अचानक शिक्षिका की साड़ी का पल्लू बाइक के पीछे चक्के में फंस गया। संतुलन बिगडऩे से शिक्षिका बाइक से गिर पड़ी। जिससे उसके सिर और अन्य हिस्सों में गंभीर चोट पहुंची।
हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों की मदद से जिला सिविल अस्पताल खैरागढ़ पहुंचाया गया, जहां स्थिति को नाजुक मानकर चिकित्सकों ने राजनांदगांव रिफर कर दिया, लेकिन परिजनों ने दुर्ग के एक अस्पताल में उन्हें भर्ती कराया। वहां भी स्थिति में सुधार नहीं होने के चलते परिजन सीधे रायपुर स्थित एम्स अस्पताल ले गए, लेकिन वहां उनकी जान नहीं बच सकी। बताया जा रहा है कि शिक्षिका लंबे समय से वेसलियन स्कूल खैरागढ़ में पदस्थ थी। उनकी रविवार को राजनांदगांव स्थित कब्रिस्तान में ईसाई धर्म अनुसार अंतिम संस्कार किया गया।