राजनांदगांव

ललिता को धुएं से मिली राहत, खाना बनाना हुआ आसान
07-Mar-2026 5:01 PM
ललिता को धुएं से मिली राहत, खाना बनाना हुआ आसान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 6 मार्च।  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन के संकल्प के साथ प्रदेश में जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रत्येक पात्र परिवार तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे और उनके जीवन में वास्तविक परिवर्तन आए। इसी उद्देश्य से संचालित प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से गरीब एवं जरूरतमंद महिलाओं को नि:शुल्क गैस कनेक्शन प्रदान किए जा रहे हैं। इस योजना से महिलाओं को रसोई में धुएं से मुक्ति मिल रही है। वहीं उनका जीवन अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बन रहा है।

मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी जिले के विकासखंड मोहला के ग्राम कुंजामटोला निवासी ललिता जाड़े ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से गैस सिलेंडर प्राप्त कर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि अब उन्हें पारंपरिक चूल्हे के धुएं से छुटकारा मिलेगा। पहले रसोई में धुंए के कारण आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी होती थी, लेकिन अब गैस कनेक्शन मिलने से वे स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण में आसानी से भोजन बना सकेंगी। नि:शुल्क गैस कनेक्शन मिलने से अब खाना जल्दी और साफ-सुथरे तरीके से बन सकेगा। उन्होंने कहा कि यह योजना उनके लिए राहत लेकर आई है। उन्होंने योजना का लाभ प्राप्त करने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति  आभार व्यक्त किया।

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से न केवल महिलाओं के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है, बल्कि समय और श्रम की भी बचत हो रही है। इससे पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिल रहा है। राज्य सरकार द्वारा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से जिले की महिलाओं के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है।


अन्य पोस्ट