राजनांदगांव

6 साल की आईजा फातिमा ने रोजा रखकर मांगी दुआएं
07-Mar-2026 4:57 PM
6 साल की आईजा फातिमा ने रोजा रखकर मांगी दुआएं

रोजा रखकर रमजान के पाक महीने में

मुस्लिम धर्मावलंबी कर रहे इबादत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 7 मार्च। रमजान के पाक महीने में मुस्लिम धर्मावलंबी रोजा रखकर अल्लाह की इबादत कर रहे हैं। वहीं घर के छोटे बच्चों से लेकर उम्रदराज भी रोजा रखकर दुआएं कर रहे हैं।

शहर की नंदई की  6 वर्षीय आईजा फातिमा ने भी पहला रोजा रखकर इबादत की। उसके हौसले को देखकर हर कोई हैरान और अचंभित है। कम उम्र में रोजा रखना बेहद ही कठिन माना जाता है। ऐसे में परिजनों के हौसला अफजाई की बदौलत फातिमा ने रोजा रखकर 5 वक्त की नमाज भी अदा की। महज 6 साल की आईजा फातिमा ने सहेरी से लेकर इफ्तार के वक्त तक मजबूत इरादे के साथ रोजा रखा। इफ्तार के लिए मस्जिद से सायरन बजते ही उसने रोजा खत्म किया। नन्ही फातिमा  के दृढ़ संकल्प को देखकर परिवार के लोग सोंच में डूब गए। वहीं परिजनों ने अल्लाह के प्रति गहरा भाव  रोजा रखकर दिखाने पर उसकी तारीफ की। समाज में   फातिमा के रोजा रखने की खबर चर्चा में है। मस्जिदों में भी उसके इस हौसले की काफी चर्चा हुई।

 रंग-बिरंगी सेवईयों की सजी दुकानें

रमजान के महीने में सेवईयों की पारंपरिक मांग के चलते बाजार में इसकी दुकानें सज गई है। मस्जिदों के आसपास महकेदार सेवईयां सबका ध्यान खींच रही है। गौरतलब है कि चांद दिखने पर आगामी 21 मार्च को रमजान महीने के पूरा होने पर मुस्लिम समाज ईद मनाएगा। ईद-उल-फितर रमजान के 30 रोजे रखने के बाद मनाया जाता है। परंपरागत रूप से मीठी सेवईयां पर्व की खुशी में परोसा जाता है।

स्थानीय बोलचाल में इस पर्व को ‘सेवई वाली’ ईद भी कहा जाता है। शहर के मस्जिदों के अलावा अन्य दुकानों में भी रंग-बिरंगी सेवईयों की खरीदी-बिक्री शुरू हो गई है। इस बीच स्थानीय मठपारा स्थित ईदगाह मैदान में ईद के पर्व पर विशेष नमाज अदा करने की तैयारी भी शुरू हो गई है।

नगर निगम प्रशासन के अलावा मस्जिद  प्रबंधन भी तैयारी में जुटा हुआ है।


अन्य पोस्ट