राजनांदगांव

8 करोड़ की शराब पी गए शौकीन
07-Mar-2026 2:47 PM
8 करोड़ की शराब पी गए शौकीन

रंग के साथ जमकर शराब भी छलका, आबकारी महकमे की रही चांदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 7 मार्च। जिले में होली का पर्व कमाई के लिहाज से आबकारी महकमे के लिए एक शानदार अवसर साबित हुआ। दो दिन में 8 करोड़ की शराब बिक्री होने से महकमे की चांदी रही।

बताया जा रहा है कि होली के मौके पर शासन स्तर से शराब बिक्री के एवज में राजस्व जुटाने के लिए बकायदा टारगेट दिया गया था। हालांकि एक दिन शराब दुकान बंद होने से महकमे को एक बड़ी कमाई से हाथ धोना पड़ा, लेकिन दुकान बंद होने से एक-दो दिन पहले से  शराब के शौकीन लोगों की भीड़ काउंटर में उमड़ गई।  शराब दुकानों में 8 करोड़ रुपए की बिक्री होने से महकमे को बड़ा मुनाफा हुआ है।

बताया जा रहा है कि जिले में 16 कंपोजिट और 2 प्रीमियम शॉप है। इनमें देशी-विदेशी ब्रांड की मीडियम से लेकर महंगी शराब की बिक्री हुई। होलिका दहन के दूसरे दिन 3 मार्च को ही जिले में 5 करोड़ 50 लाख रुपए की शराब बिक गई। इसके बाद 4 मार्च को शुष्क दिवस घोषित था। 5 मार्च को शराब दुकान खुलते ही ग्राहकों की भीड़ देखने लायक थी। लंबी कतार में ग्राहक शराब खरीदने के लिए खड़े रहे। शराब दुकानों में अव्यवस्था की भी स्थिति रही। कहीं-कहीं वाद-विवाद भी हुआ। खासतौर पर शहर के बाहर बायपास में स्थित दुकानों में आपसी झगड़े-झंझट भी हुए। शराब खरीददारों से बदमाशों ने छीनझपटी भी की।

आबकारी विभाग ने सिर्फ कारोबार करने पर ध्यान दिया, लेकिन ग्राहकों की सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम नहीं थे।  बताया जा रहा है कि 8 करोड़ की शराब बिकने से विभाग को बड़ा आर्थिक लाभ हुआ है। देशी और अंग्रेजी शराब की बिक्री से सरकार ने एक मुनाफा अपने खाते में जमा किया। बहरहाल राजनांदगांव जिले में दो दिन के भीतर 8 करोड़ का शराब पीकर शौकीनों ने आबकारी विभाग को आर्थिक फायदा पहुंचाने में अहम रोल अदा की।


अन्य पोस्ट