राजनांदगांव
रमन नगर के लोगों ने ज्ञापन सौंपकर दी चेतावनी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 3 मार्च। शहर के वार्ड क्र. 41 रमन नगर बांसपाई पारा झुग्गी झोपड़ी क्षेत्र के लोगों ने मंगलवार को नगर निगम आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंपकर बलपूर्वक हटाने पर आत्मदाह की चेतावनी दी।
रमन नगर के लोगों ने मंगलवार को पूर्व पार्षद कुलबीर छाबड़ा, शरद पटेल व मनीष साहू के नेतृत्व में नगर निगम आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंपते कहा कि उन्हें नोडल अधिकारी प्रधानमंत्री आवास योजना नगर पालिक निगम से नोटिस जारी कर निवासरत जगह पर हम लोगों को यहां से हटाकर कहीं दूसरे जगह व्यवस्थापन के लिए नोटिस जारी किया गया है। जबकि वे लोग लगभग 40 वर्षों से यहां निवासरत हैं और नगर निगम द्वारा स्वच्छता कर, जलकर एवं अन्य जो भी कर है, पटाया जा रहा है और बिजली व्यवस्था भी यहां दी गई है। बिजली बिल भी हम लोगों द्वारा जमा किया जा रहा है।
लोगों का कहना है कि सरकार द्वारा लगातार झुग्गी झोपड़ी क्षेत्र के योजनाओं की सुविधाएं दी जाती रही है। यहां निवासरत जगह में हमें जमीनों का पट्टा देकर आवास योजना की सुविधा भी इसी जगह दी जाएगी ये नगर निगम और जनप्रतिनिधियों द्वारा आश्वासन दिया जा रहा है। नोडल अधिकारी द्वारा जारी किए गए नोटिस में बलपूर्वक हटाने की धमकी भी दी गई है। यदि इस तरह हटाने का कार्य किया जाएगा तो हम झुग्गी झोपड़ी क्षेत्र में निवासरत लोग आत्मदाह करने के लिए मजबूर हो जाएंगे और हमारे बाल-बच्चों की जवाबदारी निगम प्रशासन एवं जिला प्रशासन की होगी। उन्होंने मांग करते कहा कि हमें यहां से नहीं हटाया जाए और दिए गए आश्वासन के अनुरूप हमें पट्टा देकर प्रधानमंत्री आवास की सुविधा भी दी जाए। ज्ञापन सौंपने वालों में शांतिबाई निषाद, अरती देवांगन, सत्यभामा, लता, सुशीला, रमला ढ़ीमर, सविता ढीमर, उजाला, शंकर यादव, त्रिवेणी देवांगन समेत अन्य लोग शामिल थे।