राजनांदगांव
पारा लुढक़ने से सर्द हुआ मौसम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 23 फरवरी। दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती सिस्टम के चलते सोमवार को मौसम ने अचानक पलटी मारी। मौसम के उलटफेर के असर से पिछले दो दिनों से बढ़ रही गर्मी में ब्रेक लगा। पारा लुढक़ने से मौसम का मिजाज सर्द हो गया।
बताया जा रहा है कि बंगाल की खाड़ी में लो-प्रेशर एरिया व चक्रवात के प्रभाव के चलते मौसम ने पलटी मारी है। मौसम में बदलाव के कारण आज दिनभर बूंंदाबांदी का सिलसिला चला। ठंडी हवाओं के कारण मौसम सर्दीला हो गया। बूंदाबांदी के असर से कंपकपी का अहसास हुआ। तापमान में बढ़ोत्तरी के चलते पिछले तीन-चार दिनों से दिन का मौसम काफी गर्म रहा। रात का पारा भी बढऩे से सर्द मौसम गायब होने लगा था।
मौसम विभाग का मानना है कि बदली छंटने के साथ ही फिर से ठंड लौट सकती है। हल्की बारिश होने के कारण तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया। अगले एक-दो दिन तक तापमान में गिरावट रहेगी। इसके प्रभाव से ठंड का असर भी रहेगा। इधर तेज हवा चलने से लोगों को ठंडी का अहसास हुआ। बूंदाबांदी के कारण लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हुई। हल्की वर्षा से बचने के लिए लोग रेनवियर लेकर घर से निकले। बारिश के कारण सडक़ें भी गीली हो गई। हल्की ठंड से आज पूरा दिन खुशगवार रहा।


