राजनांदगांव

ग्रामीण वार्डों की साफ-सफाई व पेयजल समस्या पर मुदलियार मिले आयुक्त से
17-Feb-2026 7:40 PM
ग्रामीण वार्डों की साफ-सफाई व पेयजल समस्या पर मुदलियार मिले आयुक्त से

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 17 फरवरी। कांग्रेस शहर अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार  ने कांग्रेसियों के साथ आयुक्त अतुल विश्वकर्मा से मिलकर ग्रामीण वार्डों की चरमराई साफ-सफाई व पेयजल समस्या को दुरूस्त करने की मांग की। कांग्रेसियों ने कहा कि वार्डों की अनदेखी की जा रही है। बुनियादी समस्याओं को दूर करने के लिए रूचि नहीं ली जा रही है। शहर अध्यक्ष ने आयुक्त से फौरन ग्रामीण वार्डों की बुरी दशा को सुधारने के लिए  पहल करने की मांग की।

मिली जानकारी के मुताबिक शहर अध्यक्ष मुदलियार कन्हारपुरी और हल्दी वार्ड का दौरा कर जमीनी स्तर पर बुनियादी समस्याओं से रूबरू हुए। उन्होंने अपने दौरे में देखा कि दोनों वार्ड की स्थिति बेहद खराब है। बुनियादी जरूरतों के लिए वार्ड तरस रहा है। कन्हारपुरी में भाजपा नेता द्वारा अधूरे छोड़े गए नाला निर्माण को लेकर  भी उन्होंने आयुक्त से शिकायत की। नाला निर्माण के दौरान कुछ माह पहले एक व्यक्ति की हादसे में मौत हो गई थी। तब से पुल का निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया है। इसी तरह हल्दी वार्ड की स्थिति भी काफी दयनीय हालत में मिली। हल्दी वार्ड में भी समस्याओं का अंबार है। शहर अध्यक्ष ने आयुक्त से भेंट कर तुरंत उचित कदम उठाने का आग्रह किया। इस दौरान मुकेश साहू, राजा तिवारी, युवराज भारती, मनीष गौतम, चेतन भानुशाली, राकेश जोशी, नरेश साहू, मामराज अग्रवाल, वीरेन्द्र चंद्राकर, महेश यादव, गजेन्द्र राजपूत, प्रेम रूचंदानी आदि शामिल थे।


अन्य पोस्ट