राजनांदगांव
चोरी के जेवरातों को पुलिस ने किया बरामद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 17 फरवरी। दिन के समय सूने मकानों में चोरी करने वाले आदतन चोर गिरोह के दो लोगों को खैरागढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने सोने-चांदी के आभूषण एवं नगदी रकम तथा घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल सहित कुल 3 लाख 95 हजार 500 रुपए की संपत्ति को जब्त किया। प्रकरण में एक आरोपी चौकी जालबांधा से तथा दूसरा आरोपी थाना छुईखदान में गिरफ्तार किया।
मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी सुनील साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि 11 फरवरी की शाम 5.30 बजे अपने खेत से वापस आया तो देखा कि घर के दो कमरे का दरवाजा खुला हुआ था तथा आलमारी टूटा एवं सामान बिखरा हुआ था। आलमारी को चेक करने पर आलमारी में रखे 30 हजार नगदी, 03 नग सोने के पत्ती, 01 नग सोने का टॉप्स, 02 नग चांदी की पायल व एक पुराना चांदी की पायल को कोई अज्ञात चोरी कर लिया गया।
रिपोर्ट पर थाना छुईखदान में धारा 305-ए बीएनएस का अपराध पंजीबद्व किया गया। इसी तरह 9 फरवरी को ग्राम बफरा निवासी प्रार्थी रेखचंद साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि 8 फरवरी को प्रार्थी परिवार सहित शादी में गया था। 14 फरवरी को वापस घर आने पर घर का ताला टूटा हुआ था तथा आलमारी में रखे नगदी 15 हजार रुपए, सोने का कान का टॉप्स, एक जोड़ी चांदी की पायल को कोई अज्ञात चोर चोरी कर लिया। रिपोर्ट पर चौकी जालबंाधा में अपराध पंजीबद्ध किया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए केसीजी पुलिस टीम द्वारा थाना छुईखदान, चौकी जालबांधा एवं सायबर सेल खैरागढ़ की संयुक्त टीम गठित कर आरोपियों का पतातलाश कर शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश प्राप्त होने पर खैरागढ़ पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल पहुंचकर बारीकी से घटना का निरीक्षण किया गया तथा चोरी के पैटर्न के आधार पर आसपास के पुराने आरोपियों एवं संदिग्धों के बारे में पता लगाया गया। तकनीकी माध्यमों से भी आरोपियों के संबंध में जानकारी इकठ्ठा किया गया। अज्ञात आरोपियों के पता तलाश के दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि ग्राम करमतरा चौकी जालबांधा थाना खैरागढ़ का ओमप्रकाश साहू जेल से छूटने के बाद फिर से अपने अन्य साथियों के साथ संदिग्ध रूप से घूम रहा है।
उक्त सूचना के आधार पर ओमप्रकाश साहू, दिलेश्वर साहू, भुनेश्वर बंजारे का लगातार पतासाजी किया गया। पुलिस टीम द्वारा आरोपी ओमप्रकाश साहू, दिलेश्वर साहू को हिरासत में लेकर घटना के संबंध में बारीकी से पूछताछ किया गया। पूछताछ पर आरोपी ने 11 फरवरी को उदयपुर के सूने मकान में घुसकर नगदी एवं सोने-चांदी के गहने चोरी करना स्वीकार किया। इसके अलावा 7 फरवरी को चौकी लिटिया दुर्ग के ग्राम बिरेझर के सूने मकान से नगदी एवं सोनेे-चांदी के गहने चोरी करना तथा 10 फरवरी को चौकी जालबांधा थाना खैरागढ़ के ग्राम बफरा में सूने मकान के नगदी एवं सोने-चांदी के गहने चोरी करना स्वीकार किए। साथ ही चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण को घर में छिपाकर रखना बताया।
आरोपी ओमप्रकाश साहू के अपने घर में बरामद कराने पर सोने के लॉकेट कुल 12 नग, सोने का कान का टॉप्स 01 जोड़ी, सोने की ईरिंग 01 जोड़ी, चांदी का लच्छा 01 जोड़ी, चॉदी की पायल 08 जोड़ी, करधन, बिछिया और कड़ा तथा नगदी रकम 05 हजार रुपए कुल कीमती लगभग 03 लाख 34 हजार रुपए तथा आरोपी दिलेश्वर साहू के कब्जे से नगदी 1500 रुपए तथा घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल, सब्बल कीमती 60 हजार जुमला बरामद संपत्ति कुल 3 लाख 95 हजार 500 रुपए का मशरूका बरामद कर जब्त कर आरोपियों ओमप्रकाश साहू, 19 वर्ष साकिन करमतरा चौकी जालबांधा तथा दिलेश्वर साहू 23 साल निवासी करमतरा चौकी जालबांधा के विरूद्ध विधिवत कार्रवाई की गई।


