राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 17 फरवरी। युगांतर पब्लिक स्कूल में प्री प्राइमरी, कक्षा 1 तथा कक्षा 2 के बच्चों और उनके ग्रेंड पैरेंट्स के लिए ग्रेंड पैरेंट्स-डे का शानदार आयोजन हुआ। बच्चों ने माता-पिता, दादा-दादी, नाना-नानी के प्रति श्रद्धा प्रकट की। उनका पैर पखारा, उनके मस्तक में तिलक लगाया, उनके समक्ष पुष्पांजलि अर्पित किया, फिर उनका आशीर्वाद लिया। यही नहीं उन्होंने तुझ पर रब दिखता है गीत गाकर और इस गीत में नृत्य करके अपने ग्रेंड पैरेंट्स को भावुक कर दिया।
इस अवसर पर सभी ग्रेंड पैरेंट्स को विद्यालय की ओर से टोकन ऑफ लव के रूप में गिफ्ट प्रदान किया गया। इसी तारतम्य में बच्चों और ग्रेंड पैरेंट्स के सम्मान में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी हुआ। प्री प्राइमरी, कक्षा 1 तथा कक्षा 2 के बच्चों और उनके ग्रेंड पैरेंट्स ने इस आयोजन का भरपूर लुत्फ उठाया। इस आयोजन में विद्यालय के चेयरमैन अजय सिंगी, सेक्रेटरी विनय डड्ढा, कोषाध्यक्ष मिश्रीलाल गोलछा, निदेशक विनोद सदानी, प्राचार्य मधुसूदन नायर, पीआरओ स्पोट्र्स ऑफिसर दिनेश प्रताप सिंह, हैड मिस्ट्रेस विनीता तिलवानी सहित बड़ी संख्या में ग्रेंड पैरेंट्स उपस्थित रहे। ग्रेंड पैरेंट्स ने इस आयोजन की सराहना करते कहा कि यह आयोजन हमारी खूबसूरत भारतीय संस्कृति का परिचायक है। विद्यालय ने अहम जिम्मेदारी निभाकर अत्यन्त ही सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने इस आयोजन के लिए विद्यालय प्रबंधन के लिए साधुवाद प्रकट किया।


