राजनांदगांव
मोहला-मानपुर के पंडरवानी की घटना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 17 फरवरी। मोहला-मानपुर जिलें में टोना-टोटका की शक पर एक पोते ने अपनी दादी की कुल्हाड़ी मारकर जघन्य हत्या कर दी। घटना दो दिन पूर्व की है। पुलिस ने आरोपी पोते को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार अंबागढ़ चौकी इलाके के पंडरवानी गांव के 20 साल के निलेश यादव ने रिश्ते की दादी 55 साल की सुकोबाई की 15 फरवरी को दोपहर हत्या कर दी। पुलिस ने घटना के फौरन बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को मृतिका पर जादू-टोना करने का शक था। इसी बात से तैश में आकर आरोपी ने तालाब गहरीकरण के कार्य में लगी अपनी दादी पर कुल्हाड़ी चला दी। इस हमले में अधेड़ महिला मौके पर ही ढ़ेर हो गई। आरोपी के हमले को देखकर घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीण सन्न रह गए। बताया जाता है कि आरोपी ने महिला पर कई वार किए। लगातार हमले की वजह से महिला को जान बचाने का मौका नही मिला। जादू-टोना की शक पर आरोपी कई दिनों से मन में खुन्नस पाले हुए था। बताया जाता है कि आरोपी महिला को मारने के लिए मौैके की तलाश में था।


