राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 फरवरी। महाशिवरात्रि पर्व के दिन मटन विक्रय करने वाले के विरूद्ध पुलिस ने कार्रवाई की। अनावेदक को गिरफ्तार कर एसडीएम न्यायालय के समक्ष किया गया पेश।
मिली जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ शासन, पर्यावरण एवं नगरीय प्रशासन विभाग रायपुर द्वारा जारी आदेश के अनुपालन में 15 फरवरी महाशिवरात्रि पर्व के उपलक्ष्य में पशुगृह एवं समस्त मांस-मटन विक्रय की दुकानों को बंद रखने के निर्देश दिए गए थे। आदेशानुसार उक्त दिवस पर किसी भी दुकान में मांस विक्रय पाए जाने पर मांस जब्त कर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई किए जाने हेतु निर्देशित किया गया था।
एसपी अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन, एएसपी कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के निर्देशन में बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में थाना क्षेत्र में महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर मांस-मटन विक्रय की रोकथाम हेतु टीम गठित कर निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान सूचना प्राप्त हुई कि कसाईपारा निवासी मुस्तकीन कुरैशी कमला कॉलेज रोड के पास ठेला लगाकर मटन विक्रय हेतु खड़ा है। पुलिस दल को आते देखकर वह मटन छिपाने लगा। पेट्रोलिंग पार्टी द्वारा मना करने पर वह विवाद एवं झगड़ा करने पर उतारू हो गया। अनावेदक को मौके पर गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध धारा 170, 126, 135(3) भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत इस्तगाशा तैयार कर एसडीएम न्यायालय राजनांदगांव के समक्ष प्रस्तुत किया गया।


