राजनांदगांव

संभ्रात परिवार के युवक और दोस्तों से पिस्टल और देशी कट्टा बरामद
13-Feb-2026 4:18 PM
संभ्रात परिवार के युवक और दोस्तों से पिस्टल और देशी कट्टा बरामद

मप्र से हथियार खरीदे, एक जिंदा कारतूस भी जब्त, सात गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता

राजनांदगांव, 13 फरवरी। शहर के शंकरपुर के एक संभ्रात परिवार के एक युवक और उसके साथियों को पुलिस ने पिस्टल-देशी कट्टा तथा एक जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस को खबर लगी थी कि शंकरपुर इलाके में पिस्टल और देशी कट्टा दिखाकर लोगों को कुछ युवक डरा-धमका रहे है। पुलिस ने घेराबंदी कर युवकों को पकड़ा।

पूछताछ में गैरकानूनी तरीके से खरीदे गए हथियार के संबंध में अहम जानकारी के बाद पुलिस ने दुर्ग और धमतरी से भी गिरफ्तारी की। हथियार के संबंध में एसपी अंकिता शर्मा ने पत्रकारवार्ता में बताया कि शंकरपुर के रहने वाले शिवम सिन्हा उर्फ चार्ली व डिगम्बर साहू उर्फ छोटू अपने साथियों सेवक कश्यप उर्फ डाला और गुंजेश वर्मा  के साथ पिस्टल-देशी कट्टा दिखाकर लोगों को डरा रहा है।

चिखली पुलिस प्रभारी कैलाश मरई की टीम ने घेराबंदी कर चारों को पकड़ा। इसके बाद पूछताछ में शिवम सिन्हा ने बताया कि 19 दिसंबर 2025 को मध्यप्रदेश के बड़वानी में 2-2 पिस्टल और कट्टा खरीदने  के बाद वापस आकर धमतरी के उमेश साहू उर्फ बठालू को एक पिस्टल बेचा था। उमेश साहू ने धमतरी के रहने वाले जतिनदास मानिकपुरी को पिस्टल बेच दिया था। बड़वानी में अवैध तरीके से की गई खरीदी में दुर्ग के विक्की देशमुख भी शामिल था। शिवम और उसके चारों दोस्तों की निशानदेही में पुलिस ने विक्की देशमुख से भी कट्टा बरामद की। एसपी के मुताबिक शिवम सिन्हा एक संभ्रात परिवार का सदस्य है। उसके परिवार  के ज्यादातर सदस्य शीर्ष पदों पर सरकारी नौकरी में है। पुलिस ने इस मामले में 7 युवकों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों पर पहले से ही कई अपराध दर्ज है। पत्रकारवार्ता में एएसपी कीर्तन राठौर, सीएसपीद्वय वैशाली जैन व अलेक्जेंडर किरो के अलावा साईबर की टीम के सदस्य उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट