राजनांदगांव

कबीरधाम दौरे में आईजी ने युवाओं संग खेला क्रिकेट
11-Feb-2026 4:27 PM
कबीरधाम दौरे में आईजी ने युवाओं संग खेला क्रिकेट

 एसपी-अफसरों की बैठक में सख्त पुलिसिंग पर जोर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 11 फरवरी। राजनांदगांव रेंज आईजी बालाजी राव सोमवार को कबीरधाम जिले के पहले प्रशासनिक दौरे पर अंदरूनी इलाके का रूख कर कानून-व्यवस्था की जमीनी स्थिति का पड़ताल किया।

आईजी के दौरे के मद्धेनजर एसपी धर्मेन्द्र छवई एवं अन्य अधिकारी अलर्ट थे। आईजी ने एसपी की मौजूदगी में जिले के राजपत्रित अधिकारियों की बैठक में सख्त पुलिसिंग पर जोर दिया। उन्होंने बैठक में सीमावर्ती राज्यों में सुरक्षा के साथ-साथ वाहनों की नियमित चेंकिग के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।

उन्होंने एएसपी-डीएसपी एवं थानेदारों से कानून संबंधी सवाल-जवाब किए। आईजी मध्यप्रदेश के बालाघाट, मंडला और डिंडौरी जिलें की सरहद पर गैरकानूनी अपराधों की रोकथाम के लिए उचित प्रयास करने का भी आदेश दिया। बताया जा रहा है कि आईजी ने विभागीय लंबित प्रकरणों के निराकरण व आम लोगों को उचित न्याय दिलाने पर पुलिस की भूमिका पर सुझाव दिए। इससे पहलेे एसपी छवई के अलावा एएसपीद्वय पुष्पेन्द्र बघेल, अमित पटेल के अलावा अन्य अफसरों ने आईजी की अगुवानी की। जिले की कानून एवं अन्य पुलिसिंग संबंधी सवाल के बाद आईजी ने कुकदूर क्षेत्र का दौरा किया

 

विद्यार्थियों को किताब वितरण

जिले के भीतरी इलाके कुकदूर के एक गांव में अचानक पहुंचे आईजी ने ग्रामीण युवाओं के क्रिकेट प्रतियोगिता में बल्ले से जौहर दिखाया। बताया जाता है कि सीमावर्ती जिले डिडौंरी से सटे कबीरधाम जिले के दीवानपटपर में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट में आईजी ने चौका लगाया। आईजी की मौजूदगी की खबर के बाद गांव में बैगा आदिवासी समाज ने उनका जोशीला स्वागत किया। आईजी ने इस मौके पर गांव के विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तक व अन्य सामग्री का वितरण किया। 


अन्य पोस्ट