राजनांदगांव

भैंसा कोठा व्यवसायिक परिसर की 10 दुकानें सील
07-Feb-2026 2:29 PM
भैंसा कोठा व्यवसायिक परिसर की 10 दुकानें सील

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 7 फरवरी।  वित्तीय वर्ष की समाप्ति पर नगर निगम राजस्व वसूली में कड़ाई बरतते दुकानों की बकाया प्रीमियम तथा दुकान किराया पर संबंधित को नोटिस जारी कर सीलबंदी की कार्रवाई कर रही है। इसी प्रकार सम्पत्तिकर, जलकर, समेकितकर के बड़े बकायेदारों को भी नोटिस जारी कर भुगतान नहीं करने की स्थिति में नल कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाएगी। शुक्रवार को भैंसा कोठा व्यवसायिक परिसर की 10 दुकानें रिक्त नहीं करने पर सील करने की कार्रवाई की गई।

वित्तीय वर्ष समाप्ति के अंतिम माह में लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली के लिए निगम द्वारा जोर दिया जा रहा है। नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा राजस्व विभाग की प्रतिदिन मानिटरिंग कर रहे हैं और शत-प्रतिशत वसूली के लिए बकायेदारों को नोटिस जारी कर कार्रवाई के निर्देश दे रहे हैं। निर्देश के अनुक्रम में राजस्व अधिकारी राजेश तिवारी के नेतृत्व में निगम का अमला बड़े बकायेदारों को नोटिस जारी कर बकाया करों का भुगतान नहीं करने की स्थिति में कार्रवाई की तैयारी कर रहे हैं।

 शुक्रवार की कार्रवाई में भैंसा कोठा व्यवसायिक परिसर में निर्मित 17 दुकानों में से 10 दुकान की विधिवत नीलामी की गई थी। नीलामी उपरांत सक्षम प्राधिकारी द्वारा स्वीकृति हेतु शासन को भेजा गया। शासन द्वारा कलेक्टर को अधिकृत करने पर कलेक्टर को प्रस्ताव प्रेषित की गई। लंबी अवधि को देखते कलेक्टर द्वारा निरस्त किया गया था। निरस्ती उपरांत दुकानदारों को नोटिस जारी की गई। बार-बार नोटिस उपरांत भी दुकान रिक्त नहीं की गई, जिस पर शुक्रवार को कार्रवाई  करते निगम का अमला उक्त 10 दुकानों में सीलबंदी की कार्रवाई की गई। 3 दुकानों में अवैध कब्जा भी किया गया था। गत् दिवस कल हाईटेक बस स्टैंड जेल रोड की दुकानों में भी प्रीमियम जमा नहीं करने पर ताला लगाया गया था।

राजस्व वसूली के संबंध में आयुक्त श्री विश्वकर्मा ने बताया कि शासन लक्ष्य के विरूद्ध शत-प्रतिशत राजस्व वसूली किया जाना है।

वसूली के लिए करदाताओं को करो का भुगतान करने अपील की जा रही है, बड़े बकायेदारों को नोटिस दिया जा रहा है। उन्होंने करदाताओं से कहा कि अपने बकाया कर एवं किराये की राशि का भुगतान समय पर कर अधिभार एवं निगम की कार्रवाई से बचे। कार्रवाई के दौरान राजस्व अधिकारी राजेश तिवारी, राजस्व निरीक्षक  हितेश ठाकुर, राजस्व उप निरीक्षक रविन्द्र ठाकुर व राजकुमार बंजारे एवं राजस्व अमला उपस्थित था।


अन्य पोस्ट