राजनांदगांव

शहादत का लिया बदला, गढ़चिरौली पुलिस ने मार गिराए 7 नक्सली
07-Feb-2026 2:28 PM
शहादत का लिया बदला, गढ़चिरौली पुलिस ने मार गिराए 7 नक्सली

शीर्ष नक्सली प्रभाकर भी ढेर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 7 फरवरी। गढ़चिरौली पुलिस ने छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ के जंगल में एक बड़े मुठभेड़ में जवान की शहादत का बदला लेते सुरक्षा बलों ने शीर्ष नक्सली समेत 7 नक्सलियों को ढेर कर दिया।

छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ के जंगल में पिछले दो दिनों से नक्सल आपरेशन के दौरान पुलिस के साथ नक्सलियों की जबर्दस्त मुठभेड़ हुई। जिसमें सी-60 फोर्स का एक जवान दीपक चिन्ना मडावी शहीद हो गए। इसके जवाबी कार्रवाई में गढ़चिरौली के नक्सल विरोधी दस्ते के जवानों ने मुठभेड़ में 7 नक्सलियों को मार गिराया।  पुलिस के लिए यह बड़ी कामयाबी है। शीर्ष नक्सली नेता प्रभाकर भी मारा गया। प्रभाकर पर 25 लाख रुपए का ईनाम था। मुठभेड़ में 4 पुरूष और 3 महिला नक्सली मारे गए। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ में 2 जवानों को भी गोली लगी है। जिनकी स्थिति खतरे से बाहर है। अबूझमाड़ के जंगल में रूक-रूककर मुठभेड़  के दौरान पुलिस को जहां शहादत झेलनी पड़ी। वहीं नक्सलियों को भी जबर्दस्त नुकसान हुआ।

बताया जा रहा है कि पुलिस ने सर्चिंग अभियान के दौरान 3 एके-47, एक-एक एसएलआर व 303 रायफल के अलावा अन्य नक्सल सामान जब्त किए हैं। अन्य मारे गए नक्सलियों की पहचान नहीं हुई है।  बताया जा रहा है कि नारायणपुर-गढ़चिरौली की सीमा पर हुए इस मुठभेड़ में पुलिस ने नक्सलियों को जबर्दस्त नुकसान पहुंचाया है। उधर शहीद जवान दीपक चिन्ना के शव को पुलिस ने अंतिम सलामी देने के बाद उनके गृहग्राम रवाना कर दिया। गढ़चिरौली एसपी नीलोत्पल के अलावा पुलिस अफसरों ने जवान को अंतिम बिदाई दी।


अन्य पोस्ट