राजनांदगांव

क्रॉस कंट्री दौड़ में नांदगांव की बेटियों ने किया शानदार प्रदर्शन
06-Feb-2026 7:04 PM
क्रॉस कंट्री दौड़ में नांदगांव की बेटियों ने किया शानदार प्रदर्शन

एसपी ने धावकों को दी शुभकामनाएं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 6 फरवरी। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता में राजनंादगांव की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम गौरवान्वित किया है।

मिली जानकारी के अनुसार 10 किमी दौड़ में भगवती यादव ने 40:10.23 मिनट में दौड़ पूरी कर स्वर्ण पदक प्राप्त किया। निशा साहू ने 41:20.04 मिनट के समय के साथ रजत पदक जीता और साक्षी यादव ने 43:11.45 मिनट में दौड़ पूरी कर कांस्य पदक हासिल किया। उल्लेखनीय है कि तीनों खिलाड़ी एक ही कोच आर. कामता प्रसाद यादव के प्रशिक्षण में तैयार हुई है। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर तीनों खिलाडिय़ों का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया गया है, जो कर्नाटक राज्य में आयोजित होगी।

खिलाड़ी आगामी 20 फरवरी  को कर्नाटक के लिए रवाना होकर राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। कर्नाटक रवाना होने से पूर्व खिलाडिय़ों ने एसपी अंकिता शर्मा से सौजन्य मुलाकात की। एसपी ने खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं देते उनके उज्जवल भविष्य की कामना की और जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया। राजनांदगांव पुलिस खिलाडिय़ों की इस उपलब्धि पर गर्व महसूस करती है एवं उनके सफल प्रदर्शन की शुभेच्छा प्रकट करती है।


अन्य पोस्ट