राजनांदगांव

आधा दर्जन युवकों से नशीली गोलियां बरामद
06-Feb-2026 4:07 PM
आधा दर्जन युवकों से नशीली गोलियां बरामद

नशे के बढ़ते कारोबार पर अंकुश लगाने पुलिस सतर्क

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 6 फरवरी। नशे के कारोबार को व्यापक रूप देने में जुटे सौदागरों के खिलाफ पुलिस ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी कड़ी में पुलिस ने बायपास रोड में नशीली गोलियों को बेचने की कोशिश करने के आरोप में आधा दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का यह अभियान नशे के अवैध कारोबार पर काबू पाने से जुड़ा हुआ है। राजनांदगांव पुलिस लगातार अवैध नशे के कारोबार को रोकने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।

एएसपी कीर्तन राठौर ने प्रेसवार्ता में बताया कि 4 फरवरी को दुर्ग के एक युवक द्वारा महाकाल टी स्टॉल के पास नशीली दवाई बेचने संबंध में जानकारी मिली। इस सूचना पर रात लगभग 10 से 11 बजे के बीच बायपास रोड के आगे कुछ लोगों को संदिग्ध मानकर हिरासत में लिया गया। तलाशी लेने के बाद उनके पास से मादक पदार्थ अल्फ्राजोलम टेबलेट 450 नग जब्त किया गया। जिसकी कीमत 1350 रुपए है।

बताया जा रहा है कि पुलिस ने औषधि निरीक्षक से टेबलेट का सत्यापन कराया। उन्होंने इसे नशीली टेबलेट प्रमाणित किया। इस आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने नशीली दवाईयां बेचने के कारोबार में लिप्त 7 लोगों को गिरफ्तार किया। जिसमें प्रमुख रूप से सौरभ ध्रुव (22 वर्ष) जिला दुर्ग, तरण सिंह (24 वर्ष) गौरीनगर राजनांदगांव,  रितेश यादव (19 वर्ष) लखोली राजनांदगांव, प्रमोद बघेल (21 वर्ष) 16 खोली राजनांदगांव, रोहण गायकवाड़ (22 वर्ष) गौरीनगर राजनंादगांव, प्रियांशु चौहान (22 वर्ष) गौरीनगर राजनांदगांव एवं तारेश सिन्हा (19 वर्ष) लखोली नाका राजनांदगांव शामिल है।


अन्य पोस्ट