राजनांदगांव
राजनांदगांव, 5 फरवरी। जिला राजनांदगांव रक्षा टीम ने शासकीय प्राथमिक शाला धर्मापुर के विद्यार्थियों को गुड टच एवं बैड टच की जानकारी दी। साथ ही डिजिटल सुरक्षा का भी पाठ पढ़ा। मिली जानकारी के अनुसार बीते दिनों शासकीय प्राथमिक शाला ग्राम धर्मापुर में अध्ययनरत कक्षा पहली से 8वीं तक के छात्र-छात्राओं के लिए रक्षा टीम द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिला आरक्षक रीनू मेश्राम, कौशिल्या साहू, आरक्षक अमित जाटवर एवं आरक्षक वाहन चालक शेषनारायण सिंहा द्वारा बच्चों को गुड टच एवं बेड टच के बारे में सरल एवं सहज भाषा में समझाया गया। साथ ही बच्चों को स्कूल में लगे पॉक्सो बॉक्स का उपयोग कब और कैसे करना है, किसी भी प्रकार की असहज स्थिति में सही कदम उठाने, भरोसेमंद व्यक्ति को जानकारी देने तथा साहसपूर्वक अपनी बात रखने प्रेरित किया गया। इसके अतिरिक्त बच्चों को मोबाइल फोन के अत्याधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय के शिक्षकों को अभिव्यक्ति ऐप डाउनलोड कराकर उसके उपयोग एवं महत्व की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक स्टाफ सहित लगभग 79 से अधिक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाना, सुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा सुरक्षित एवं सकारात्मक वातावरण का निर्माण करना रहा।


