राजनांदगांव
राज्य सरकार ने धान बेचने दिया अवसर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 5 फरवरी। राज्य सरकार ने आज और कल यानी गुरुवार और शुक्रवार को धान बेचने से वंचित रहे किसानों को उपज बेचने के लिए एक और मौका दिया है। 30 जनवरी को सरकार ने धान खरीदी समाप्त कर दी थी।
इस सीजन में कई किसान धान बेचने से पीछे रह गए। किसानों की ओर से एक बड़ी समस्या बताई गई कि टोकन जारी करने में काफी लापरवाही बरती गई, जिसके कारण उन्हें तय समय पर टोकन नहीं मिला। ऐसे में सरकार से एक और मौका देने की मांग किसानों द्वारा की जा रही थी। इस बीच राजनांदगांव, मोहला-मानपुर, खैरागढ़ और कवर्धा जिले में किसानों को अगले दो दिन के भीतर धान बेचने का अवसर दिया गया है। धान बेचने के लिए चारों जिलों के एक लाख 28 हजार 233 किसानों ने पंजीयन कराया था। अंतिम तिथि यानी 30 जनवरी तक एक लाख 24 हजार 95 किसानों ने उपज बेची थी।
यानी लगभग 4 हजार किसान फसल बेचने से पीछे रह गए। ऐसे में बचे हुए किसानों के लिए आज और कल धान बेचने का एक अच्छा अवसर है। गौरतलब है कि चारों जिलों में 62.53 लाख क्विंटल धान की खरीदी की गई है। इसके एवज में 1484 करोड़ का भुगतान किया गया है। एक जानकारी के मुताबिक बचे हुए किसानों से लगभग 32 हजार क्विंटल का धान खरीदने की तैयारी है। धान बेचने के लिए 3 तरह की शर्तें तय की गई है।
ऐसे किसान जो 10 जनवरी के बाद टोकन लेने आवेदन किए, लेकिन सत्यापन नहीं हो पाया और ऐसे किसान जिन्होंने 10 जनवरी के बाद आवेदन किया और सत्यापन के बाद उसके पास धान पाया गया। साथ ही 28, 29 और 30 जनवरी को टोकन प्राप्त करने वाले किसानों को भी दो दिन के भीतर अपना फसल बेचने का मौका दिया गया है।