राजनांदगांव

टीईटी परीक्षा देकर मंगेतर संग लौटते युवक की सडक़ हादसे में मौत
03-Feb-2026 12:49 PM
टीईटी परीक्षा देकर मंगेतर संग लौटते युवक की सडक़ हादसे में मौत

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता
राजनांदगांव, 3 फरवरी।
मोहला-मानपुर जिले के अंबागढ़ चौकी के बिहरीकला चौक में एक युवक की मालवाहक वाहन के चपेटे में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना रविवार देर शाम की है। मृतक अपनी मंगेतर को लेकर राजनांदगांव से टीईटी परीक्षा दिलाकर वापस गांव लौट रहा था। मंगेतर की स्थिति खतरे से बाहर है।

मिली जानकारी के मुताबिक खडग़ांव क्षेत्र के सरोली के रहने वाले कामता प्रसाद उर्वसा (32 साल) रविवार को अपने मंगेतर भारती के साथ राजनांदगांव में आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा में शामिल होने के लिए आया था। परीक्षा के पश्चात दोनों मोटर साइकिल से अपने गांव लौट रहे थे। लौटने के दौरान बिहरीकला चौक के पास जब पहुंचे, तभी उसकी बाइक को एक मालवाहक ने पीछे से जोरदार ठोकर मार दी। हादसे में दोनों बाइक से गिर गए। जोरदार ठोकर के कारण दोनों को चोट पहुंची। जिसमें बाइक चला रहे कामता प्रसाद को गंभीर चोट पहुंची। चिंताजनक हालत में उसे अंबागढ़ चौकी अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मंगेतर को भी चोट पहुंची है, लेकिन उसकी स्थिति खतरे से बाहर है। अंबागढ़ चौकी पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 


अन्य पोस्ट