राजनांदगांव
लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने निर्देश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 1 फरवरी। एसपी अंकिता शर्मा ने शुक्रवार को डोंगरगांव थाना का वार्षिक निरीक्षण कर लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण एवं आसूचना तंत्र को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
मिली जानकारी के अनुसार 30 जनवरी को एसपी अंकिता शर्मा ने डोंगरगांव थाना का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों से संवाद कर उनकी समस्याओं से अवगत होते हुए उनके निराकरण हेतु आवश्यक निर्देश दिए। एसपी ने थाना भवन एवं थाना परिसर का निरीक्षण कर साफ-सफाई, रख-रखाव, अभिलेष संधारण तथा थाना के समस्त रजिस्टरों को अद्यतन रखने के संबंध में दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान विवेचकों के पास लंबित अपराध, मर्ग एवं शिकायतों की गहन समीक्षा कर शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।
इसके अतिरिक्त थाना में प्राप्त होने वाली प्रत्येक रिपोर्ट पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने, थाना के निगरानीशुदा एवं गुंडा बदमाशों तथा संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित रूप से चेकिंग करने के निर्देश दिए गए। साथ ही बीट अधिकारी एवं कर्मचारियों को अधिक से अधिक विश्वसनीय मुखबिर विकसित कर आसूचना तंत्र को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा आरक्षक हेमंत सूर्यवंशी को चोरी के प्रकरण में अच्छा कार्य करने के लिए ईनाम भी दिया गया।
निरीक्षण दौरान अनुभागीय अधिकारी डोंगरगांव मंजूलता बाज एवं थाना प्रभारी आशीर्वाद रहटगांवकर उपस्थित रहे।


