राजनांदगांव

नवीन साइबर थाना का सीएम के हाथों लोकार्पण
29-Jan-2026 7:10 PM
नवीन साइबर थाना का सीएम के हाथों लोकार्पण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 29 जनवरी। नवीन साइबर थाना जिला राजनांदगांव का लोकार्पण मुख्यमंत्री द्वारा वर्चुअल रूप से किया गया। छत्तीसगढ़ में कुल 8 जिलों में साइबर पुलिस थाना का उदघाटन मुख्यमंत्री द्वारा रायपुर से एक साथ किया गया।

मिली जानकारी के अनुसार डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों से प्रभावी ढंग से निपटने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा जिला राजनांदगांव सहित छत्तीसगढ़ राज्य के अन्य 07 जिलों में नवीन साइबर पुलिस थानों का उद्घाटन किया गया। नवीन साइबर पुलिस थाना राजनांदगांव, जशपुर, रायगढ़, कोरबा, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, धमतरी एवं महासमुंद जिलों में स्थापित किए गए हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा कहा गया कि साइबर अपराध केवल तकनीकी चुनौती नहीं रहा, अपितु यह कानून व्यवस्था, आर्थिक सुरक्षा और आम जनता के विश्वास से जुड़ा एक गंभीर विषय बन चुका है। साइबर अपराध जैसे ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट, निवेश के नाम पर ठगी, साइबर ब्लैकमेलिंग, ऑनलाइन सट्टा जैसे गंभीर साइबर अपराध, सोशल मीडिया का उपयोग कर निरंतर वृद्धि हो रही है।

राज्य शासन द्वारा साइबर अपराध शिकायतों पर कार्रवाई में तेजी लाए जाने के उद्देश्य से आधुनिक संसाधन युक्त साइबर विशेषज्ञों एवं प्रशिक्षित पुलिस कर्मचारियों की मदद से जांच में तेजी लाए जाने एवं पुलिसिंग को तकनीकी रूप से दक्ष बनाए जाने के उद्देश्य में यह कदम मील का पत्थर है।

साइबर अपराध अनुसंधान को सुदृढ़ किए जाने हेतु भविष्य में डिजिटल साक्ष्यों का वैज्ञानिक संकलन, मोबाइल फारेंसिक, डेटा विश्लेषण तथा अंतर-राज्यीय एवं अंतर-एजेंसी समन्वय हेतु संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।

छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा साइबर अपराध की रोकथाम हेतु निरंतर प्रशिक्षण कार्यक्रम, साइबर जागरूकता अभियान तथा तकनीकी संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है। गृह विभाग ने पुलिस बल को आवश्यक प्रशिक्षण, आधुनिक उपकरण, कानूनी एवं नीतिगत सहयोग उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई।

अधिकारियों से अपेक्षा की गई कि वे इन साइबर पुलिस थानों को पीडि़त केंद्रित, त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण पुलिसिंग के मॉडल के रूप में विकसित करें, क्योंकि साइबर अपराध में समयबद्ध कार्रवाई अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। विश्वास व्यक्त किया गया कि ये नए साइबर पुलिस थाने छत्तीसगढ़ को साइबर सुरक्षित राज्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इस अवसर पर पुलिस मुख्यालय रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यामंत्री/गृह मंत्री  विजय शर्मा, गणमान्य जनप्रतिनिधिगण, पुलिस महानिदेश छत्तीसगढ़ अरूण देव गौतम सहित पुलिस विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।

इसके अतिरिक्त आठों जिलों में नवीन थाना भवन पर उन जिलों के पुलिस अधीक्षक सहित अन्य राजपत्रित अधिकारीगण व नवीन साइबर थाना में पदस्थ अधिकारी/ कर्मचारीगण वर्चुवली पुलिस मुख्यालय से जुड़े रहे। जिला राजनांदगांव में पुलिस अधीक्षक अंकिता शार्म, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र नायक, नगर पुलिस अधीक्षक/पर्यवेक्षण अधिकारी अलेक्जेंडर कीरो, प्रक्षिशु आईपीएस आदित्य कुमार, प्रक्षिशु उप पुलिस अधीक्षक सुमन जायसवाल, रक्षित निरीक्षक लोकेश कसेर तथा नवीन साइबर थाना में पदस्थ प्रभारी विनय कुमार पम्मार सहित अन्य अधिकारी/ कर्मचारीगण वर्चुवली पुलिस मुख्यालय से जुडक़र साइबर थाना के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल हुए।


अन्य पोस्ट