राजनांदगांव
लोकार्पण और भूमिपूजन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 25 जनवरी। शहर के पत्रकारों के आवासीय परिसर का कल 26 जनवरी को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के हाथों लोकार्पण होने जा रहा है। उसी दिन पेयजल आपूर्ति के लिए प्रस्तावित संपवेल व ओवरहेड टंकी का भूमिपूजन भी होगा। गणतंत्र दिवस पर हो रहे इस आयोजन में राष्ट्रीय कवि अमन अक्षर की देशभक्ति कविताओं से समां बंधेगा। आयोजन की तैयारी को लेकर शनिवार को महापौर मधुसूदन यादव ने अपनी परिषद के प्रभारी सदस्यों के साथ कालोनी का अवलोकन किया।
पूरा परिसर तिरंगा से तो सराबोर रहेगा ही, अमर अक्षर के एकल काव्य पाठ से समूचा वातावरण देशभक्ति के संदेशों से भी सराबोर रहेगा। कालोनी में पेयजल व्यवस्था के लिए संपवेल और ओवरहेड टंकी के लिए भी उसी दिन भूमिपूजन किया जाएगा। शनिवार को महापौर श्री यादव ने एमआईसी मेंबरों व नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा के साथ कालोनी का अवलोकन किया।
इस दौरान उदघाटन-भूमिपूजन समारोह की तैयारियों को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए। समारोह को यादगार बनाने पूरा प्रशासन लगा हुआ है। अवलोकन के दौरान नगर निगम के सभापति पारस वर्मा, सावन वर्मा, आलोक श्रोती, राजा माखीजा, सुनील साहू, शैंकी बग्गा, वर्षा शरद सिन्हा, विजय राय शामिल रहे। बताया गया कि 10 एकड़ क्षेत्रफल में फैली इस कालोनी में सीमेंट की सडक़, कांक्रीट की नाली, बिजली, क्रीडा स्थल, बाउंड्रीवाल व उद्यान समेत सभी आवश्यक सुविधाएं जुटा ली गई है। पेयजल के लिए डीएमएफ से राशि स्वीकृति के साथ ही निविदा की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है।
समारोह में गूंजेगा राम गीत
अमन अक्षर गीत के क्षेत्र में एक नई पीढ़ी के उभरते सितारे हैं। वे मध्यप्रदेश के इंदौर के एक छोटे से गांव मुंडी से आते हैं। इतने छोटे से गांव से निकलकर लाखों भारतीयों के दिलों पर राज करने में उन्होंने बड़ी सफलता हासिल की है। उनके बेहद प्रसिद्ध राम गीत की कई महान हस्तियों ने सराहना की है। एक प्रसिद्ध युवा भारतीय कवि और गीतकार हैं, जो विशेष रूप से अपनी राम काव्य और रामभद्राचार्य के शिष्य के रूप में जाने जाते हैं। उन्होंने कई प्रसिद्ध गीतों और भजनों के बोल लिखे हैं। उन्होंने बालीवुड फिल्म आदिपुरुष के कुछ संवादों और गीतों के लेखन में भी योगदान दिया था।


