राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 21 जनवरी। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने मंगलवार को पदभार ग्रहण कर लिया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान पूरे देश में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच जश्न का माहौल देखा गया। विभिन्न जिलों में मिठाइयां बांटी गईं और पटाखे फोडकर खुशी का इजहार किया गया। इस मौके पर जिला मुख्यालय स्थित बीजेपी कार्यालय में भी भव्य जश्न मनाया गया।
पार्टी के जिला अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कार्यालय पहुंचे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के पदभार ग्रहण करने की खुशी में कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े और एक-दूसरे को मिठाइयां बांटी। इस दौरान पार्टी कार्यालय ‘भारत माता की जय’ और ‘नितिन नबीन जिंदाबाद’ जैसे नारों से गूंज उठा। कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया। इस मौके पर सहकारी बैंक के अध्यक्ष सचिन बघेल, श्रम कल्याण बोर्ड अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा, जिला भाजपा के महामंत्री सौरभ कोठारी, डिकेश साहू, उपाध्यक्ष तरुण लहरवानी, मनीष गोलछा, मीडिया प्रभारी रघु शर्मा, रघुवीर वाधवा, ईशान शर्मा, मनोज निर्वाणी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने कहा कि यह दिन छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने बताया कि नितिन नबीन छत्तीसगढ़ प्रदेश के प्रभारी है, जो वर्तमान में विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए हैं। यह पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि बीजेपी एकमात्र ऐसी पार्टी है, जहां एक साधारण कार्यकर्ता भी मेहनत और समर्पण से सर्वोच्च पद तक पहुंच सकता है।
भाजपा जिला महामंत्री सौरभ कोठारी ने कहा कि नितिन नबीन के नेतृत्व में पार्टी और अधिक मजबूत होगी और संगठन को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि देश के सभी बीजेपी कार्यकर्ता इस उपलब्धि से बेहद खुश हैं और आने वाले दिनों में पार्टी संगठन को सशक्त बनाने पूरी ताकत से काम करेंगे।


