राजनांदगांव
गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना के बाद क्रिसमस की रही धूम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 25 दिसंबर। प्रभु यीशु मसीह के जन्मोत्सव पर गुरुवार को गिरजाघरों में बाईबिल में लिखे वचनों के आधार पर फादर-पास्टरों ने कहा कि प्रभु यीशु ही जीवन का सत्य है। उनके बताए मार्ग का अनुशरण मानव को करना है।
ख्रीष्ट जयंती पर आज ईसाई समुदाय के लोगों ने गिरजाघरों में विशेष प्रार्थनाएं की। साथ ही प्रभु यीशु को याद करते उनके संदेशों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। उनके बलिदान और त्याग के साथ माफ करने की सोंच प्रभु यीशु के विचारों के मुख्य आधार हैं। प्रभु यीशु मसीह के जन्मदिवस को क्रिसमस पर्व के रूप में मनाने के लिए पिछले कई दिनों से ईसाई धर्मावंलबी तैयारी में थे। शहर के चर्चों में आज सुबह से विशेष प्रार्थनाएं हुई। जिसमें प्रभु यीशु के जीवनकाल से जुड़ी अलौकिक गाथाओं का व्याख्यान दिया गया। चर्चों में आज सुबह से काफी रौनकता रही।
शहर के गिरजाघरों में समुदाय के अलग-अलग वर्ग ने प्रार्थनाएं करते हुए प्रभु यीशु से आशीष मांगा। शहर के एबेनेजर मारथोमा चर्च, वाईडनियर, मेनोनाईट, वेसलियन स्कूल चर्च, मार्थोमा तथा सीरियन चर्च में प्रार्थनाओं का दौर चला। इससे पहले 24 दिसंबर की रात को पटाखे भी फूटे। 25 दिसंबर यानी क्रिसमस पर्व को मनाने के लिए पखवाड़ेभर कैरोल सांग घर-घर गाने के लिए समुदाय के लोग पहुंचे। पर्व को मनाने के लिए बाजार में साजो-सजावट के सामान के अलावा केक, उपहार की सामग्रियां खरीदी गई। मसीही समुदाय के लोगों ने घरों में भी व्यापक तैयारी की। चर्चों में विशेष प्रार्थनाएं और सभाओं में शामिल होने के लिए दूर-दराज से लोग पहुंचे।
इधर ईसाई समुदाय को गैर ईसाई वर्गों ने पर्व की बधाई दी। मसीह समुदाय के लोगों के सबसे बड़े पर्व को लेकर लोगों ने संदेश स्वरूप शुभकामनाएं दिए। क्रिसमस पर्व के परिप्रेक्ष्य में चर्चों और घरों में चरन (झोपड़ी) बनाए गए। लोकमान्यताएं है कि प्रभु यीशु एक झोपड़ी स्वरूप मकान में जन्म लिए थे। इस बीच क्रिसमस पर्व के लिए आधी रात तक जश्न मनाते हुए जमकर आतिशबाजियां हुई। चर्चों में फादर और पास्टरों ने अपनी वाणी से प्रभु यीशु की स्तुति गान करने और उनके बताए मार्गों का अनुशरण करने का संदेश दिया गया। दोपहर बाद समुदाय के घरों में लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हुआ। शहर में आज परंपरागत रूप से प्रभु यीशु की जयंती मनाई गई। समुदाय के लोगों ने गैर वर्ग से मिली शुभकामनाओं और आदर भाव का तहेदिल से आभार व्यक्त किया।
एबेनेजर मारथोमा चर्च में जुटे मसीही बंधु, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसपी को धन्यवाद
स्थानीय विवेकानंद नगर स्थित एबेनेजर मारथोमा चर्च में प्रभु यीशु मसीह के जन्मोत्सव को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह 8 बजे से मारथोमा चर्च में आराधना प्रारंभ हो गई थी। आराधना के दौरान चर्च के फादर ने ईसा मसीह के प्रेम और क्षमा के संदेश सुनाया। सभी से आपस में प्रेम व सौहाद्र्रपूर्ण वातावरण में रह देश के विकास में सहभागी बनने कहा। अंत में सभी लोगों ने आपस में मिलकर एक-दूसरों को केक खिलाया। इस अवसर पर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को भी केक खिलाया। चर्च के अध्यक्ष द्वारा पुलिस प्रशासन को भी सुरक्षा व्यवस्था किए जाने पर धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
समुदाय के युवाओं ने गाये गीत
क्रिसमस पर्व पर गिरजाघरों में ईसाई समुदाय के युवाओं ने गीत गाया। वहीं विशेष प्रार्थना कर लोगों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर फादरों और पास्टरों ने भी समुदाय के लोगों में पर्व की खुशियां बांटी। वहीं प्रभु यीशु मसीह के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
विस अध्यक्ष, सांसद व
महापौर ने दी बधाई
क्रिसमस पर्व को लेकर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद संतोष पाण्डे एवं महापौर मधुसूदन यादव ने ईसाई समुदाय को शुभकामनाएं दी है। अपने शुभकामना संदेश में उन्होंन कहा कि प्रभु यीशु का जन्म दुनिया को पाप से मुक्त कर ज्ञान का संदेश देने के लिए हुआ था। क्रिसमस का पर्व जनमानस के लिए ईसा मसीह के बताए मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है तथा बच्चों को संाता क्लाज के माध्यम से उपहार मिलता है। उन्होंने ईसाई समुदाय को उनके सबसे बड़े त्यौहार क्रिसमस को उमंग उल्लास के साथ मनाने की अपील की है।


