राजनांदगांव

विस अध्यक्ष रमन ने किया अभा हॉकी स्पर्धा का शुभारंभ
22-Dec-2025 2:39 PM
विस अध्यक्ष रमन ने किया अभा हॉकी स्पर्धा का शुभारंभ

हॉकी किट रखने 5 लाख और जिम सामग्री खरीदी करने घोषणा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 22 दिसंबर। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने रूद्राक्षम् वेलफेयर सोसायटी द्वारा पटरी पार चिखली स्कूल मैदान राजनांदगांव में आयोजित 5वीं छत्तीसगढ़ हॉकी लीग अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। हॉकी प्रतियोगिता 21 से 28 दिसम्बर तक आयोजित की जाएगी।

श्री सिंह ने हॉकी खिलाडिय़ों के लिए हॉकी किट रखने  5 लाख रूपए तथा जिम सामग्री क्रय करने के लिए 5 लाख रुपए की घोषणा की। डॉ. सिंह ने कहा कि हॉकी का खेल राजनांदगांव की खेल चेतना, सामाजिक सहभागिता और युवा ऊर्जा के सजीव उत्सव है। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव की एक विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान, हमारी खेल परंपरा और हॉकी का गौरवशाली स्थान रहा है।  विस अध्यक्ष डॉ. सिंह ने कहा कि राजनांदगांव की मिट्टी में हॉकी का बीज छुपा हुआ है। उन्होंने कहा कि आज यहां बीज का रोपण हुआ है। आने वाले समय में यहां के खिलाड़ी देश के हॉकी जगत में कहीं ना कहीं, किसी न किसी स्थान में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए भी दिखेंगे। राजनांदगांव से अधिक से अधिक बच्चे अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे जैसे खिलाड़ी निकलेंगे और आगे बढ़ेंगे। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश-प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्यों से श्रेष्ठ टीम यहां आई है, राजनांदगांव को अच्छा हॉकी देखने और बच्चों को सीखने के लिए मिलेगा।

उन्होंने कहा कि मार्चपास्ट के दौरान बच्चों में उत्साह, ऊर्जा और ताकत दिखाई दी है। उन्होंने सभी खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं दी। इस दौरान विस अध्यक्ष डॉ. सिंह  ने खिलाडिय़ों को खेल भावना से खेलने के लिए शपथ दिलाई।

 कार्यक्रम में पार्षद शिव वर्मा और अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर कोमल सिंह राजपूत, छत्तीसगढ़ हॉकी संघ अध्यक्षफिरोज अंसारी,ऋषि चौधरी, सुमित भाटिया, विष्णु नंद, प्रिंस भाटिया, सुनील साहू, ऋतु जैन, विजय शर्मा, प्रेम रजक  सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधिगण, नगरवासी और खिलाड़ी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट