राजनांदगांव

दुर्ग-बस्तर संभाग के 665 तीर्थयात्री अयोध्या के लिए रवानादुर्ग-बस्तर संभाग के 665 तीर्थयात्री अयोध्या के लिए रवाना
19-Dec-2025 6:05 PM
दुर्ग-बस्तर संभाग के 665 तीर्थयात्री अयोध्या के लिए रवानादुर्ग-बस्तर संभाग के 665 तीर्थयात्री अयोध्या के लिए रवाना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 19 दिसंबर। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा ने गुरुवार को रेल्वे स्टेशन राजनांदगांव से श्री रामलला दर्शन अयोध्या धाम योजना अंतर्गत दुर्ग एवं बस्तर संभाग के 13 जिलों के 665 से अधिक तीर्थयात्रियों की तीर्थयात्री विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। राज्य शासन की महत्वाकांक्षी श्री रामलला दर्शन अयोध्या धाम योजना अंतर्गत प्रभु श्रीराम के दर्शन के लिए राजनांदगांव रेल्वे स्टेशन से जाने वाले दर्शनार्थियों के लिए उत्साह एवं खुशी का पल रहा। जयश्री राम के जयकारे के साथ ढोल-मंजीरे की मंगल ध्वनि के साथ श्रद्धालुओं को अयोध्या के लिए रवाना किया गया।

अध्यक्ष नीलू शर्मा ने कहा कि प्रभु श्री रामलला दर्शन करने के लिए तीर्थयात्रियों में बहुत खुशी है और सभी तीर्थयात्रियों ने श्री रामलला दर्शन अयोध्या धाम योजना के क्रियान्वयन के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा कि आज तीर्थयात्री विशेष ट्रेन के माध्यम से दुर्ग एवं बस्तर संभाग के 665 से अधिक दर्शनार्थियों को अयोध्या के लिए रवाना किया गया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय श्रवण कुमार बनकर छत्तीसगढ़वासियों को श्री रामलला दर्शन एवं काशी विश्वनाथ के दर्शन लगातार करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से हर वर्ष 25 हजार से अधिक तीर्थ दर्शनार्थियों को स्पेशल ट्रेन के माध्यम से यात्रा कराया जाता है। उन्होंने सभी दर्शनार्थियों को शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर महापौर मधुसूदन यादव, छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल अध्यक्ष योगेशदत्त मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिमा चंद्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष किरण साहू, जिला पंचायत सदस्य देव कुमारी, जिला पंचायत सदस्य शीला सिन्हा, खूबचंद पारख, भरत वर्मा, अपर कलेक्टर प्रेमप्रकाश शर्मा, नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, एसडीएम गौतमचंद पाटिल, उप संचालक समाज कल्याण वैशाली सहित अन्य जनप्रतिनिधि, रेल्वे के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट