राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 14 दिसंबर। प्रदेश किसान संघ 12 सूत्रीय मांगों को लेकर किसान स्वाभिमान रैली निकालकर अपने आक्रोश का प्रदर्शन कल सोमवार को राजनांदगांव में करेंगे। दोपहर 12 बजे जयस्तंभ चौक में किसान सभा का आयोजन कर जिला कार्यालय तक रैली का आयोजन किया जाएगा।
प्रदेश किसान संघ ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि धान खरीदी नीति एवं प्रक्रिया तथा पुरानी देनदारियों को लेकर लगातार ज्ञापनों के माध्यम से आग्रह किया जा रहा है, लेकिन खरीदी की प्रक्रिया में कोई सुधार नहीं हो रहा है न ही वंछित भुगतान किए जा रहे हैं। खरीदी केंद्र में प्रवेश के समय मय वाहन किसान की फोटोग्राफी अपमानजनक है, जिसे तत्काल रोका जाना चाहिए। बायोमैट्रिक प्रणाली से जब खरीदी हो रही है तो इसमें किसानों के स्वाभिमान को आहत करने फोटोग्राफी की क्या जरूरत थी, समझ से परे है।
टोकन को लेकर परेशान किसान टोकन मिलने पर सर्वर की समस्या से दो-चार होता है। देर रात तक सोसाइटी में रहना पड़ रहा है।