राजनांदगांव

690 हितग्राहियों के घरों में सौर संयंत्र की स्थापना
10-Dec-2025 9:41 PM
690 हितग्राहियों के घरों में सौर संयंत्र की स्थापना

लक्ष्मी नगर के नरेन्द्र व संतोष का बिजली बिल हुआ जीरो

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 10 दिसंबर। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना जनहित में कारगर साबित हो रही है। सौर ऊर्जा का उपयोग कर बिजली उत्पादन करने की यह योजना ऊर्जा सशक्तिकरण की दिशा में मील पत्थर साबित हो रही है।

राजनांदगांव शहर के लक्ष्मी नगर वार्ड नंबर 45 के निवासी नरेन्द्र कुमार शुक्ला एवं  संतोष बक्शी ने बताया कि उन्हें समाचार पत्र-पत्रिकाओं, सोशल मीडिया, न्यूज़ चैनल, मोर बिजली ऐप के माध्यम से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के संबंध में जानकारी मिली। जिसके बाद उन्होंने ऑनलाइन आवेदन कर वेबसाइट में पंजीकृत वेन्डर को चिन्हांकित कर संपर्क किया एवं अपने घर में थ्री फेज कनेक्शन वाला 3 किलोवाट का सोलर प्लांट लगाया है। जिसकी लागत 2 लाख रुपए है। भारतीय स्टेट बैंक से मात्र 6 प्रतिशत की ब्याज दर से 02 लाख रुपए की राशि स्वीकृत हुई। सोलर प्लांट लगने के एक सप्ताह के भीतर केंद्र सरकार द्वारा 78 हजार रुपए अनुदान राशि प्राप्त हुई है। एवं दस दिवस के बाद राज्य शासन द्वारा 30 हजार रुपए की सब्सिडी भी प्राप्त हो गई है।

उन्होंने बताया कि पहले बिजली के बिल 1800 से 2600 रूपए तक बिजली बिल आता था। वही गर्मियों में बढक़र 3500 रूपए से अधिक बिजली का बिल देना पड़ता था। उन्होंने कहा कि अब बिजली के बिल से मुक्ति मिल गई है और अतिरिक्त बिजली 560 यूनिट जमा है। प्रतिदिन लगभग 11 से 14 यूनिट बिजली का उत्पादन हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन लगभग 5 यूनिट बिजली का उपयोग होता है।

राजनांदगांव वृत्त के अधीक्षण अभियंता शंकेश्वर कंवर ने बताया कि विभाग द्वारा प्रत्येक वितरण केन्द्रवार वृहद स्तर पर अभियान चलाकर प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का अधिकाधिक लाभ दिलाने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। अब तक राजनांदगांव जिले में 8553 लोगों ने सोलर प्लांट हेतु ऑनलाइन आवेदन किया है। जिसमें 2390 उपभोक्ताओं ने वेबसाइट से पंजीकृत वेंडरों का चयन भी कर लिया है। सभी दस्तावेज प्रस्तुत करने वाले 6135 उपभोक्ताओं को अप्रुवल  मिल चुका है। अब तक राजनांदगांव जिले में 690 लोगों ने अपने मकानों में रूफटॉप सोलर पैनल लगवा चुके हैं और 2390 उपभोक्ताओं के घरों में रूफटॉप सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं। अभी तक 515 लोगों को शासन की ओर सब्सिडी मिल चुकी है।


अन्य पोस्ट