राजनांदगांव

मोहला को नगर पंचायत का मिलेगा दर्जा
03-Dec-2025 3:55 PM
मोहला को नगर पंचायत का मिलेगा दर्जा

सरकार ने जारी की नोटिफिकेशन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 3 दिसंबर। मोहला को नगर पंचायत का दर्जा देने के लिए राज्य सरकार ने एक नोटिफिकेशन जारी किया है। तीन साल पहले जिले के रूप में अस्तित्व में आए मोहला-मानपुर-अं. चौकी का जिला मुख्यालय मोहला है। ऐसे में यहां बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए नगर पंचायत का दर्जा देने की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। मोहला फिलहाल एक ग्राम पंचायत के रूप में राजस्व के नक्शे में शामिल है।

 

बताया जा रहा है कि मोहला के बाशिंदों की ओर से नगर पंचायत का दर्जा देने के लिए राज्य सरकार को पत्र व्यवहार किया जा रहा था। साथ ही नगरीय निकाय मंत्री अरूण साव से भी इस बाबत विचार करने की मांग की गई थी। इसी के चलते राज्य सरकार ने नगर पंचायत के लिए एक अधिसूचना जारी करते सीमाएं भी तय कर दी है। जिसमें ग्राम पंचायत मोहला, छुरिया, चिलमटोला और माडिंगपीडि़ंग की सीमा को नगर पंचायत के रूप में चिन्हांकित किया गया है। अधिसूचना में 21 दिन के भीतर कलेक्टर कार्यालय में दावा-आपत्ति के लिए समय तय किया गया है। 2011 की जनगणना के अनुसार मोहला की जनसंख्या 8210, छुरिया की 471, चिलमटोला और माडिंगपीडि़ंग की क्रमश: 509 और 1066 है। नया जिला बनने के बाद से मोहला एक प्रशासनिक केंद्र बन गया है।

 जिला मुख्यालय में कई अहम बुनियादी सुविधाओं का अगले कुछ वर्षों में विस्तार होना है। इसी के साथ मोहला नगरीय निकाय विभाग के दायरे में आ गया। बहरहाल मोहला जल्द ही नगर पंचायत के रूप में अस्तित्व में आ जाएगा।


अन्य पोस्ट