राजनांदगांव
शहर कांग्रेस अध्यक्ष ने लगाया आरोप, छले जा रहे किसान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 25 नवंबर। खाद एवं बीज निगम द्वारा किसानों को घुना लगे अमानक व घटिया बीज मिलने की शिकायत पर सोमवार को शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने गोदाम में धावा बोलकर वहां के कर्मियों को घटिया, घुन लगे चना बीजों को पैक करते पकड़ा। इसके अलावा उन्होंने यहां वहां बैकडेट सील लगे बैग भी बरामद किए। श्री छाबड़ा ने प्रबंधक से फोन पर चर्चा भी की और कार्यालय में हडक़ंप मच गया।
श्री छाबड़ा ने बताया कि ईल्ली एवं घुन लगे अमानक बीजों को पुराने डेट वाले बैग में पैक कर किसानों को छला जा रहा है और यह हरकत सत्तासीन पार्टी के नेताओं के इशारे और शह पर की जा रही है। किसानों को यह अमानक बीज बेचकर छला जा रहा है। पैकिंग डेट चार माह पहले अर्थात 11 अगस्त 2025 का है। जिसकी वैधता तिथि 10 मई 2026 दर्शाई गई है। उन्होंने कर्मचारियों से जब पूछा कि पैकिंग 24 नवंबर को हो रही है तो बैग में 11 अगस्त कैसे दर्शाया गया है, इस पर कर्मचारी निरूत्तर हो गए। उन्होंने इस संंबंध में प्रबंधक को फोन लगाकर जानकारी चाही तो गोदाम/कार्यालय में हडक़ंप मच गया और वहां पर उपस्थित अधिकारी वहां से गायब हो गए।
श्री छाबड़ा ने आरोप लगाया कि किसानों को छलने का कार्य सत्तासीन पार्टी के कुछ नेताओं के इशारे पर किया जा रहा है। इससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने इस अमानक बीज को खरीद चुके किसानों को मुआवजा देने के साथ ही कलेक्टर से संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों एवं तथाकथित नेताओं के विरूद्ध एफआईआर दर्ज करवाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि कई दिनों से यह बीज पैक किया जा रहा था और सोसायटियों में भेजा जा रहा था। यहां से बीज खैरागढ़, डोंगरगढ़, गंडई, छुईखदान, मानपुर, मोहला चौकी के अनेक सोसायटियों में भेजा जा चुका है। इसके वितरण पर तत्काल रोक लगाएं। उन्होंने राजनांदगांव के विधायक व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से भी ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी है कि किसानों को इस तरह के बीज न दिए जाए, नहीं तो आने वाले दिनों में उन्हें कांग्रेस के उग्र विरोध का सामना करना पड़ेगा।