राजनांदगांव

हड़ताल खत्म, प्रबंधक सोसायटियों में लौटे
21-Nov-2025 3:40 PM
हड़ताल खत्म, प्रबंधक सोसायटियों में लौटे

कलेक्टर और बैंक के पूर्व अध्यक्ष का प्रयास लाया रंग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 21 नवंबर। धान खरीदी के दौरान सोसायटी प्रबंधकों के हड़ताल में होने से सरकार और प्रशासन की मुश्किलें बढ़ गई थी। लंबे समय से हड़ताल को समाप्त करने का प्रयास किया जा रहा था। सरकार और समिति प्रबंधकों के बीच हड़ताल समाप्त कराने के लिए कलेक्टर जितेन्द्र यादव और जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष सचिन बघेल ने अथक प्रयास किया। जिसके चलते नतीजे अपेक्षाकृत बेहतर रहा।

इधर कृषकों के हितों को ध्यान में रखकर सेवा सहकारी समिति मर्यादित के समिति प्रबंधक, सहायक  समिति प्रबंधक, विक्रेता, कम्प्यूटर आपरेटर, चौकीदार एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल समाप्त कर अपने कर्य पर उपस्थित हो गए हैं। अब सभी धान उपार्जन केंद्रों में अपनी सेवाएं निरंतर देंगे।

सहकारी समिति कर्मचारी संघ की लंबे समय से चली आ रही अनिश्चितकालीन हड़ताल के समाप्त हो गई है। हड़ताल समाप्त कराने में कलेटर श्री यादव और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के पूर्व अध्यक्ष श्री बघेल का प्रयास रंग लाया और वे दोनों संभाग स्तरीय अनिश्चितकालीन हड़ताल में बैठे सहकारी समिति कर्मचारियों को समझाने में सफल हुए। अब सहकारी समिति कर्मचारियों के काम में लौटते ही किसानों को धान बेचने में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।

 

कर्मचारियों ने की मुलाकात

हड़ताली समिति प्रबंधक और कर्मचारी 20 नवंबर को हड़ताल समाप्त कर अपने कार्य पर उपस्थित हो गए हैं। अब वे उपार्जन केंद्रों में अपनी सेवाएं निरंतर देंगे। बताया जा रहा है कि हड़ताल समाप्त होने के बाद बैंक के पूर्व अध्यक्ष श्री बघेल और कलेक्टर यादव से कर्मचारियों ने मुलाकात भी की। अब उक्त सहकारी समिति के कर्मचारी धान खरीदी के कार्य में जुट जाएंगे।

हड़ताल का हो गया पटाक्षेप - बघेल

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के पूर्व अध्यक्ष श्री बघेल ने बताया कि छत्तीसगढ़ के किसानों से समर्थन मूल्य में धान खरीदी की योजना सबसे बड़ी योजना है। इसमें किसी प्रकार बाधा पहुंचाना उचित नहीं है। 15 नवंबर से किसानों से समर्थन मूल्य में धान खरीदी के लिए शासन-प्रशासन द्वारा पूरी व्यवस्था बना ली गई है। प्रशासन के नोडल अधिकारी व अन्य अधिकारी-कर्मचारी धान खरीदी के कार्य में जुटे हुए हैं। जिले के  खरीदी केंद्रों में बगैर किसी परेशानी के किसानों से धान खरीदी की जा रही है।

कर्मचारियों की हड़ताल से किसान परेशान हो रहे थे, इस बात को हड़ताली कर्मचारियों को समझाया गया और उनसे आग्रह किया गया कि छत्तीसगढ़ सरकार की किसान हितैषी योजना की राह में बाधा न बने, बल्कि उन्हें सहयोग किए जाने की आवश्यकता है। इस तरह जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के पूर्व अध्यक्ष श्री बघेल व कलेक्टर यादव के प्रयासों से लंबे समय से चली आ रही सहकारी समिति कर्मचारियों के अनिश्चितकालीन हड़ताल वाले मामले का पटाक्षेप हो गया।


अन्य पोस्ट