राजनांदगांव

युगांतर का विज्ञान मॉडल राष्ट्रीय विज्ञान प्रदर्शनी के लिए चयनित
16-Nov-2025 6:45 PM
युगांतर का विज्ञान मॉडल राष्ट्रीय विज्ञान प्रदर्शनी के लिए चयनित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 16 नवंबर। युगांतर पब्लिक स्कूल के छात्र प्रथम गोयल, प्रभनूर सिंग जस्सल द्वारा निर्मित मॉडल गोल्डन एस्थेटिका का चयन राष्ट्रीय विज्ञान प्रदर्शनी के लिए हुआ है। विद्यार्थियों ने गोल्डन एस्थेटिका के बारे में बताया कि यह मनोरंजन मैथमेटिकल रिक्रिएशनल मॉडल है। इसके द्वारा चेहरे की सुंदरता को मापा जाता है। सुंदरता का अनुपात ज्ञात करके उसे बेहतर बनाने के लिए ग्राफिक डिजाइनिंग और सर्जरी में उपयोग किया जा सकता है।

उक्ताशय की जानकारी देते विज्ञान विभागाध्यक्ष रिंकू राय और विज्ञान शिक्षिका कीर्ति तिवारी ने बताया कि कृष्णा पब्लिक स्कूल रायपुर में आयोजित दो दिवसीय सीबीएसई क्षेत्रीय स्तर की विज्ञान  प्रदर्शनी में शानदार प्रदर्शन के आधार पर इस मॉडल का राष्ट्रीय विज्ञान  प्रदर्शनी के लिए चयन हुआ है।

प्रदर्शनी में दो मॉडल प्रस्तुत किए गए। जिसमें सौम्या वर्मा व रैनी जैन द्वारा निर्मित मॉडल बायो मैकेनिकल स्मार्ट फुटवियर को भी नवाचारपूर्ण विचारों, वैज्ञानिक सोच और प्रस्तुति कौशल के कारण काफी सराहना मिली। विद्यार्थियों ने बायो-मैकेनिकल स्मार्ट फुटवियर के बारे में यह बताया कि इसके द्वारा व्यक्ति के चलने पर उत्पन्न ऊर्जा से मोबाइल की बैट्री चार्ज हो जाती है। यह हवा को स्वच्छ करने के साथ-साथ उबड़-खाबड़ स्थानों में संतुलन बनाने का भी कार्य करता है। ये दोनों मॉडलों को बनाने में विद्यार्थियों ने अपनी लगन से काफी मेहनत की।

जिसके परिणामस्वरूप इनको काफी सराहा गया। इस प्रदर्शनी में राज्यभर के कुल 56 स्कूलों में 87 विज्ञान मॉडल के बीच इन मॉडलों का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा।  विद्यालय के प्राचार्य मधुसूदन नायर और प्रबंध समिति ने  इन विद्यार्थियों को बधाई दी है।


अन्य पोस्ट