राजनांदगांव

राज्योत्सव कार्यक्रम स्थल में छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीर नहीं, विवाद
03-Nov-2025 4:25 PM
राज्योत्सव कार्यक्रम स्थल में छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीर नहीं, विवाद

कांग्रेसियों ने लगाई तस्वीर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 3 नवंबर। छत्तीसगढ़ राज्य गठन की 25वीं वर्षगांठ को रजत महोत्सव के रूप में मनाने में जुटी जिला प्रशासन ने एक बड़ी चूक की है।

कार्यक्रम स्थल में छत्तीसगढ़ की प्रथम महिला सांसद मिनीमाता और छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीर को जगह नहीं मिली। इससे भडक़े कांग्रेसियों ने आज शहर में शांति मार्च निकालकर स्थानीय म्युनिसिपल हाईस्कूल में आयोजित कार्यक्रम स्थल में दोनों की तस्वीर लगाई।  राज्योत्सव में कांग्रेसियों ने दोनों की तस्वीर की गैरमौजूदगी को एक राजनीतिक मुद्दा बना लिया। कांग्रेसियों का आरोप है कि एक ओर छत्तीसगढ़ सरकार राज्योत्सव को परंपरागत रूप से मनाने का दावा कर रही है। जबकि हकीकत यह है कि छत्तीसगढ़ की महान मिनीमाता की तस्वीर को उचित स्थान नहीं मिला।  इसी तरह छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीर को भी कार्यक्रम स्थल से दूर रखा गया।

 

बताया जा रहा है कि कांग्रेसियों ने दोनों की तस्वीर लेकर कार्यक्रम स्थल में नाराजगी जाहिर करते इस चूक के लिए प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है। इस संबंध में नांदगांव आईजी अभिषेक शांडिल्य ने घटना की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने एएसपी राहुल देव शर्मा को मौके पर नजर रखने और पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। बहरहाल मिनीमाता और छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीर को लेकर कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया।  इस दौरान निखिल द्विवेदी, सूरज शर्मा, विप्लव शर्मा, सौरभ तिवारी, संदीप सोनी, अभिमन्यु मिश्रा, हर्ष साहू, दीपक सोनकर, चंद्रशेखर मालेकर, विपिन, शफी अहमद, परमानंद वर्मा समेत अन्य लोग शामिल थे।


अन्य पोस्ट