राजनांदगांव
संशोधन सूची आज-कल में होगी जारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 24 अक्टूबर। एक माह पुरानी जिला भाजपा की कार्यकारिणी में कुछ नए चेहरों को जगह मिलेगी। पार्टी के भीतर कुछ ऐसे नाम पर भी आपत्ति की गई है। जिन पर पार्टी गतिविधियों में शामिल नहीं होने का आरोप भी लगा है। जिलाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने करीब एक माह पूर्व जिला कार्यकारिणी की घोषणा की थी। कार्यकारिणी में कुछ नामों पर सख्त ऐतराज जताया गया।
पार्टी के भीतर ऐसे लोगों का नाम हटाने पर बहस चली। नतीजतन जिलाध्यक्ष राजपूत ने एक संशोधन सूची जारी करने का ऐलान किया। बताया जा रहा है कि आज-कल में जिलाध्यक्ष कुछ नामों को जगह देने के बाद संशोधित सूची जारी कर सकते हैं। ‘छत्तीसगढ़’ से बातचीत में जिलाध्यक्ष राजपूत ने कहा कि संशोधन का कार्य चल रहा है। आज-कल में सूची जारी होगी।
मिली जानकारी के मुताबिक जिला भाजपा की नई कार्यकारिणी में सक्रिय कार्यकर्ताओं की जगह ऐसे चेहरों को भी स्थान दिया गया है, जिन पर विपक्ष में रहने के दौरान घर बैठने के आरोप लगे। सत्ता से बाहर होने के बाद भाजपा के कई नेताओं ने संगठन से दूरी बना ली थी। राजपूत की बॉडी में ऐसे नामों को तवज्जों के साथ आगे किया गया। इस बात की पीड़ा कार्यकर्ताओं को लगी और उन्होंने पार्टी के भीतर विरोध जताया।
बताया जा रहा है कि कार्यकारिणी में डोंगरगढ़ शहर से किसी भी वरिष्ठ नेता को जगह नहीं मिला। इसको लेकर भी संगठन स्तर पर डोंगरगढ़ के भाजपा नेताओं ने नाराजगी जाहिर की थी। यह भी चर्चा है कि पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी के लिए प्रचार-प्रसार से दूरी रखने वाले नेताओं को सूची में महत्व मिला। जिसके चलते पार्टी के भीतर आवाज उठने लगी। बताया जा रहा है कि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से लेकर पूर्व सांसद अभिषेक सिंह तक भी असंतुष्ट कार्यकर्ताओं ने शिकवा-शिकायत की।
सूची में जगह मिलने वाले नेताओं के खिलाफ कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल रखा था। बताया जा रहा है कि ज्यादातर सांगठनिक नेता सूची में फेरबदल करने पर जोर दे रहे थे। आखिरकार संशोधन के लिए सहमति बनी। भाजपा की जिला कार्यकारिणी की संशोधित सूची में कुछ चेहरों को उचित जगह पर स्थान मिल सकता है। वहीं कुछ चेहरों के नाम को भी हटाने पर भी फैसला हो सकता है। बहरहाल भाजपा की संशोधित सूची का असंतुष्ट कार्यकर्ताओं को बेसब्री से इंतजार है।


