राजनांदगांव
स्टेट स्कूल में युवा वेलफेयर फाउंडेशन का आयोजन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 15 अक्टूबर। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के जन्मदिन के खास मौके पर आज देर शाम के बाद स्थानीय स्टेट हाईस्कूल में बालीवुड सिंगर कैलाश खेर अपनी सुमधुर आवाज से श्रोताओं में जोश भरेंगे।
बालीवुड सिंगर कैलाश खेर अपनी मधुर आवाज के लिए देश-दुनिया में प्रसिद्ध है। युवा वेलफेयर फाउंडेशन ने खेर की आवाज सुनने के लिए एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया है। स्टेट स्कूल में सैकड़ों संगीत प्रेमियों को आज खेर अपनी अद्भुत आवाज से मंत्रमुग्ध करेंगे। फाउंडेशन के अध्यक्ष भावेश बैद के नेतृत्व में आज शाम एक विशालकाय भीड़ की मौजूदगी में कार्यक्रम होगा।
आयोजन समिति के अध्यक्ष बैद के मुताबिक डॉ. सिंह के जन्मदिन को यादगार और अवस्मिरणीय बनाने के उद्देश्य से पाश्र्व गायक खेर को आमंत्रित किया गया है। युवा वेलफेयर फाउंडेशन पिछले तीन वर्षों से लगातार डॉ. सिंह के जन्मदिन पर गीत-संगीत का कार्यक्रम आयोजित करता रहा है। उधर दोपहर बाद डॉ. रमन सिंह के पहुंचते ही ढ़ेरों कार्यक्रम शुरू होंगे। शुरूआत डॉ. सिंह स्थानीय शिवनाथ वाटिका में भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन से करेंगे। कार्यकर्ताओं द्वारा डॉ. सिंह का सम्मान का कार्यक्रम है। इसके अलावा शहर के प्रबुद्ध नागरिकों से भी डॉ. सिंह मेल-मुलाकात कर उनकी बधाईयां स्वीकार करेंगे। इस तरह दर्जनों कार्यक्रम है। रात 9 बजे के बाद स्टेट स्कूल में संगीतमय कार्यक्रम आयोजित है।
डॉ. सिंह के जन्मदिन को भाजपा ने दूसरे दिन भी मनाने का निर्णय लिया है। यानी 16 अक्टूबर को भी शहर में अलग-अलग कार्यक्रम है। विस अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह 16 अक्टूबर को सुबह 11.30 बजे स्पीकर हाऊस राजनांदगांव में दिव्यांगजनों को सामग्री वितरण करेंगे।
विधानसभा अध्यक्ष दोपहर 12.30 बजे से दोपहर 1.20 बजे तक गौरवपथ स्थित प्रयास विद्यालय के विद्यार्थियों से मुलाकात करेंगे एवं हॉकी स्टेडियम राजनांदगांव में जीम का उद्घाटन करेंगे। विधानसभा अध्यक्ष दोपहर 1.30 से दोपहर 2 बजे तक पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम राजनांदगांव में स्वच्छता दीदीयों के सम्मान समारोह में शामिल होंगे। उधर डॉ. सिंह के जन्मदिन को लेकर आज राजनांदगांव समेत समूचे लोकसभा में कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह बधाईयों से भरी पोस्टर और बैनर टांगे हैं। राजनांदगांव शहर का एक बड़ा हिस्सा बधाईयों के बैनर से अटा-पटा है।
देर रात तक भारी वाहनों को प्रवेश की अनुमति नहीं
स्टेट स्कूल मैदान में बुधवार देर शाम को विधानसभा अध्यक्ष एवं अन्य मंत्रीगणों का आगमन एवं पाश्र्व गायक कैलाश खेर का सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तावित है। कार्यक्रम को देखने शहर एवं आसपास ग्रामीण क्षेत्रों से अत्यधिक संख्या में लोगों के आने की संभावना है। कार्यक्रम के दौरान शहर के भीतर भारी वाहनों एवं मध्यम वाहनों का प्रवेश पूर्ण: प्रतिबंधित रहेगी।
आम जनता को यातायात के संबंध में किसी प्रकार की असुविधा न हो इसे दृष्टिगत रखते सुगम यातायात संचालन हेतु यातायात पुलिस राजनांदगांव द्वारा 15 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे के कार्यक्रम समाप्ति तक के लिए भारी वाहनों को शहर में प्रवेश की अनुमति पर प्रतिबंधित किया गया।
बालोद की ओर से आने वाले भारी वाहनों को मोहारा बायपास से, खैरागढ़ की अेर से आने वाले भारी वाहनों को गठुला एवं राष्ट्रीय राजमार्ग-53 से होकर गुजरने वाले भारी वाहनों को ट्रांसपोर्ट नगर एवं सीआईटी बायपास से डायवर्सन कर भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा।


