राजनांदगांव

उत्सव के रूप में मनेगा रमन का जन्मदिन
13-Oct-2025 4:43 PM
उत्सव के रूप में मनेगा रमन का जन्मदिन

 दो दिन नगर प्रवास पर रहेंगे विस अध्यक्ष

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 13 अक्टूबर। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का 73वां जन्मदिन राजनांदगांव में 15 अक्टूबर को उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष दो दिन नगर प्रवास पर रहेंगे और विविध कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इस दौरान जिला भाजपा और अन्य संगठनों द्वारा विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इस मौके पर मठपारा स्थित शिवनाथ वाटिका में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है। जिसमे राजनांदगांव के अलावा अन्य जिलों के कार्यकर्ता भी शामिल होंगे। वहीं प्रभारी मंत्री गजेंद्र यादव उपस्थित रहेंगे। इसके बाद स्पीकर हाउस राजनांदगांव में प्रदेशभर से आए प्रबुद्ध नागरिकों एवं वरिष्ठ भाजपा नेताओं के बीच डॉ. रमन सिंह जन्मदिन मनाएंगे।

तत्पश्चात स्पीकर हाउस में आयोजित रात्रि भोज के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित मंत्रिमंडल के मंत्री भी उपस्थिति रहेंगे। यहां से रात्रि 9 बजे डॉ. रमन सिंह स्टेट स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने रवाना होंगे।

जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने बताया कि डॉ. रमन सिंह का जन्मदिन 15 अक्टूबर को उत्साह और उमंग के साथ उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। संस्कारधानी की कई संस्थाएं डॉ. सिंह  के जन्मदिवस को यादगार बनाने विविध आयोजन कर रही है। श्री राजपूत ने बताया कि जन्मदिन के अवसर पर डॉ. रमन सिंह दो दिन नगर प्रवास पर रहेंगे और विविध कार्यक्रमों में शामिल रहेंगे। जिला भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि डॉ. रमन सिंह के जन्मदिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की शुरुआत 51 वार्डों में स्वच्छता अभियान और 71 गांवों में वृक्षारोपण का वृहद कार्यक्रम से होगी। इसके बाद दो दिनों तक संस्कारधानी में विविध कार्यक्रम आयोजित होंगे।

 

सम्मान समारोह में जुटेंगे कार्यकर्ता

विस अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का जन्मदिन सम्मान समारोह के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर शिवनाथ वाटिका में हजारों की संख्या में कार्यकर्ता जुटेंगे। जिला महामंत्री सौरभ कोठारी ने बताया कि डॉ.  रमन सिंह ने समर्थकों से आग्रह किया है कि जन्मदिन के अवसर पर उपहार या बड़े पुष्पगुच्छ न लाएं।

 दिव्यांगजनों और स्वछता दीदियों से करेंगे भेंट

16 अक्टूबर को डॉ. रमन सिंह दिव्यांग बच्चों और स्वच्छता दीदियों के साथ भी जन्मदिन मनाएंगे। इस मौके पर अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में निर्मित जीम का उद्घाटन और गौरवपथ में नवनिर्मित प्रयास विद्यालय का शुभारंभ भी डॉ. रमन सिंह करेंगे।

कैलाश के गीतों में झूमेगी संस्कारधानी

डॉ. रमन सिंह के जन्मदिन के अवसर पर स्टेट हाईस्कूल में युवा वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वावधान में बॉलीवुड सिंगर कैलाश खेर नाईट का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सहित अन्य मंत्री भी शिरकत करेंगे। आयोजन समिति के अध्यक्ष भावेश बैद ने बताया कि कार्यक्रम को भव्य रूप देने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई है और दर्शकों की सुरक्षा को लेकर सम्पूर्ण इंतजाम किए गए हैं।


अन्य पोस्ट