राजनांदगांव

दुकानों की नीलामी से निगम को मिला 3 करोड़
10-Oct-2025 8:37 PM
दुकानों की नीलामी से निगम को मिला 3 करोड़

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 10 अक्टूबर। निगम स्वामित्व की सर्वेश्वर दास स्कूल के पास कुल 12 दुकानों का निर्माण किया गया है। उक्त दुकानों की महापौर मधुसूदन यादव के निर्देश पर नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा एवं निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह समेत सुनील साहू, राजा माखिजा, केंवरा विजय राय की उपस्थिति में टाउन हाल में गुरुवार को खुली नीलामी की गई। 12 दुकानों में से 9 दुकानों की नीलामी से 3 करोड़ 12 लाख 91 हजार रुपए की निगम को आय हुई।

नीलामी के संबंध में आयुक्त विश्वकर्मा ने बताया कि नगर निगम द्वारा निगम स्वामित्व की सर्वेश्वर दास स्कूल के पास कुल 12 दुकानों का निर्माण किया गया है। जिसकी नीलामी हेतु प्रक्रिया की गयी। प्रक्रिया के तहत 15 सितंबर से 07 अक्टूबर तक 500 रुपए आवेदन शुक्ल जमा कर आवेदन फार्म दिया गया। आवेदन पत्र के साथ निर्धारित आमानती राशि प्रति दुकान बैंक ड्राप्ट लेकर आवेदन जमा किया गया। नीलामी में 9 दुकानों के लिए खुली बोली प्राप्त हुई। जिसमें दुकान क्र. 2 के लिए उच्चतम बोली चिराग ठक्कर की 35 लाख 15 हजार रुपए प्राप्त हुई।

इसी प्रकार दुकान क्र. 3 के लिए लोकेश तिवारी की 35 लाख 21 हजार रुपए, दुकान क्र. 4 के लिए राजकुमार जायसवाल की 34 लाख 50 हजार रुपए, दुकान क्र. 5 के लिए ओमप्रकाश साहू की 34 लाख 50 हजार रुपए, दुकान क्र. 6 के लिए हेमन्त साहू की 34 लाख 60 हजार रुपए, दुकान क्र. 7 के लिए कौशल कुमार शर्मा की 34 लाख 45 हजार रुपए, दुकान क्र. 10 के लिए संध्या जैन की 35 लाख 20 हजार रुपए, दुकान क्र. 11 के लिए सृष्टि सिन्हा की 34 लाख 50 हजार रुपए एवं दुकान क्र. 12 के लिए अनिरूद्ध जैन की 34 लाख 80 हजार रुपए उच्चतम बोली प्राप्त हुई। इस प्रकार 9 दुकानों की नीलामी से 3 करोड़ 12 लाख 91 हजार रुपए की आय निगम को हुई।

अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के शेष 3 दुकानों की नीलामी भी अतिशीघ्र की जाएगी। आयुक्त विश्वकर्मा ने कहा कि आबंटित दुकानदारों को नियमानुसार प्रीमियम की राशि देय होगी। निगम सीमाक्षेत्र में निगम स्वामित्व की निर्मित व्यवसायिक परिसर के शेष दुकानों की भी नीलामी की जाएगी। नीलामी अवसर पर राजस्व अधिकारी राजेश तिवारी, राजस्व उप निरीक्षक रविन्द्र ठाकुर व राजकुमार बंजारे सहित राजस्व अमला व बोलीकर्ता उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट