राजनांदगांव

भाजपा : नए कोषाध्यक्ष की दौड़ में भावेश, अमर और बंटी का नाम उभरा
25-Sep-2025 3:34 PM
भाजपा : नए कोषाध्यक्ष की दौड़ में भावेश, अमर और बंटी का नाम उभरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 25 सितंबर। जिला भाजपा का कोष सम्हालने के लिए संगठन ने युवा चेहरों को मौका देने का लगभग मन बना लिया है। कोषाध्यक्ष के रूप में नए दावेदारों को संगठन सघन पड़ताल के बाद जिम्मेदारी सौंपेगा। अगले एक-दो दिन में कोषाध्यक्ष का नाम का ऐलान हो सकता है।

बताया जा रहा है कि कोषाध्यक्ष के अलावा महामंत्री के नाम पर भी संगठन में मंथन चल रहा है। यह साफ है कि दोनों पदों पर पूर्व मुख्यमंत्री व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की पसंद एक आधार होगी। ऐसे में कोषाध्यक्ष के लिए भावेश बैद, अमर ललवानी और जैसल लाल (बंटी) का नाम सामने आया है। तीनों भाजपा से वर्षों से जुड़े हुए हैं। भावेश युवाओं के बीच खासे लोकप्रिय हैं। उनकी युवाओं में अच्छी पैठ है।  संगठन से मिले दायित्व का वह बखूबी निर्वहन करते हैं।  राजनीतिक सभाओं से लेकर अन्य सांगठनिक कार्य के लिए भावेश को अच्छा अनुभव है।

इधर मीडिया की जिम्मेदारी सम्हाल रहे अमर ललवानी भी कोषाध्यक्ष के लिए प्रमुख दावेदारों में से एक है। वह लंबे समय से भाजपा के साथ जुड़े हुए हैं। मीडिया से उनका अच्छा संपर्क रहा है। इसी तरह जैसल लाल (बंटी) भी एक प्रमुख दावेदारों में शुमार है। उनके पिता सुरेश एच. लाल जिला भाजपा के अध्यक्ष रह चुके हैं। बंटी भी भारतीय जनता युवा मोर्चा की टीम में रहे हैं। इस तरह नए कोषाध्यक्ष के नाम की घोषणा आज कल में हो सकती है।

महामंत्री के लिए भी चर्चा

महामंत्री पद के लिए भी संगठन में उठापटक चल रहा है। भाजपा में दो महामंत्री की नियुक्ति की नीति के तहत एक अन्य महामंत्री के मनोनयन पर चर्चा चल रही है। महामंत्री के लिए हिरेन्द्र साहू, गिरवर साहू और मूलचंद लोधी का नाम सामने आया है। हिरेन्द्र पहले भी महामंत्री रह चुके हैं। वह 2018 के विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के रूप में पराजित हुए थे। मूलचंद लोधी का दावा काफी मजबूत माना जा रहा है।


अन्य पोस्ट