राजनांदगांव

पेंड्री से मनकी तक 14 किमी बनेगा नया बायपास मार्ग
23-Sep-2025 3:33 PM
पेंड्री से मनकी तक 14 किमी बनेगा नया बायपास मार्ग

सर्वे के बाद भूमाफिया प्रभावित गांव में हुए सक्रिय, कहीं खरीदी-बिक्री पर प्रतिबंध, कुछ गांव में ढील

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 23 सितंबर। शहर की बढ़ती आबादी और यातायात के बढ़ते दबाव से निपटने के लिए राज्य सरकार ने पेंड्री से मनकी तक 14 किमी लंबी एक नए बायपास मार्ग को मंजूरी दी है। सरकार के निर्देश पर  सर्वे का काम भी पूरा हो गया है। सर्वे के बाद प्रभावित गांव की जमीन पर भूमाफियाओं की नजर है।

बताया जा रहा है कि भूमाफियाओं ने बायपास से प्रभावित कुछ गांव में करोड़ों रुपए निवेश कर दिए हैं। सूत्रों का कहना है कि बायपास मार्ग निर्माण से प्रभावित गांव के जमीन की कीमतों में भारी उछाल होगा। ऐसे में स्थानीय भूमाफियाओं ने गठजोड़ बनाकर जमीन में निवेश करना शुरू कर दिया है।  मिली जानकारी के मुताबिक पेंड्री से मनकी तक बायपास निर्माण को मंजूर किया गया है।

 

पेंड्री से मनकी के बीच दर्जनभर गांव की जमीन बायपास में प्रभावित होगी। इसमें पेंड्री, लिटिया, बजरंगपुर नवागांव, गठुला, भेंड़ीकला, सुंदरा गांव की भूमि प्रभावित किसानों से अधिग्रहित की जाएगी। प्रभावित किसानों को प्रशासन के जरिये लाखों रुपए का मुआवजा भी मिलेगा। ऐसे में भूमाफियाओं ने जमीनों की खरीदी-बिक्री शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि बजरंगपुर नवागांव क्षेत्र की जमीनों पर प्रतिबंध नहीं लगाया गया है। इसके चलते भू-माफियाओं ने करोड़ों रुपए का निवेश किया है। यह भी खबर है कि प्रशासन के कुछ अधिकारियों ने जमीन के सौदागरों से कई अहम दस्तावेजों को साझा किया है। यानी तहसील कार्यालय से बायपास निर्माण की जानकारी जमीन के कारोबार से जुड़े व्यापारियों तक पहुंच रही है।

इस बीच तहसील कार्यालय से कई जानकारियां भूमाफियाओं तक उपलब्ध हो रही है। पूरा खेल किसानों की जमीन को सस्ते दाम पर खरीदकर मोटी कमाई करने से जुड़ा हुआ है। जमीन मनकी से पेंड्री तक बायपास निर्माण होने से एक बड़ी आबादी को फायदा मिलेगा। इससे पहले भूमाफिया सक्रिय होकर अपनी कमाई बढ़ाने के लिए सस्ते दाम पर खरीदी-बिक्री कर रहे हैं।


अन्य पोस्ट