राजनांदगांव

भाजपा नेताओं के आपसी लड़ाई का खामियाजा भुगत रही जनता- पिंटू
12-Sep-2025 8:21 PM
भाजपा नेताओं के आपसी लड़ाई का खामियाजा भुगत रही जनता- पिंटू

कानून व्यवस्था की नाकामी ने ली तीन जान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 12 सितंबर। लाचार कानून व्यवस्था के चलते अपराधियों में खौफ  नहीं है। लगातार चाकूबाजी की घटनाएं हो रही है। चाकूबाजी के मामले में लोगों की जान भी जा रही है। शहर के दीवानपारा, सुंदरा, बाबूटोला और नवागांव में लगातार चाकूबाजी की घटना हुई, जो लचर कानून व्यवस्था का उदाहरण है।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता कमलजीत सिंह पिंटू ने कहा कि एसपी सिर्फ  ट्रांसफर लिस्ट निकालकर खानापूर्ति करने में लगे हैं। चाकूबाजी के मामले, नशे के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं, जो यहां की कमजोरी पुलिसिंग व्यवस्था का नतीजा है। पुलिस का आरोपियों पर कोई खौफ  नहीं है। पुलिस लापरवाह बनी हुई है।

श्री पिंटू ने कहा कि बाबूटोला नवागांव क्षेत्र में हुई वारदात पुलिस की लापरवाही का नतीजा है। पहले दिन जब चाकूबाजी हुई, उसके बाद इस क्षेत्र में पुलिस सक्रिय नहीं हुई। इसके दूसरे दिन नवागांव में सुबह आरोपियों ने किशन राजपूत के घर आकर मारपीट किया। जिसकी रिपोर्ट के बाद भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। जिसकी वजह से लोगों की जान चली गई। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि घटना की सूचना मिलने पर भी पुलिस नहीं पहुंचती है और हत्या के बाद लाठी पीटती है।

कांग्रेस प्रवक्ता कमलजीत सिंह पिंटू ने कहा कि भाजपाराज में नशे का कारोबार बढ़ता जा रहा है। जगह-जगह शराब के दुकान खोले जा रहे हैं। वहीं नशे की गोलियों का अवैध कारोबार भी काफी फलफूल  रहा है। गांजा के तस्कर सक्रिय हैं। अब तो चरस, अफीम के मामले में भी संस्कारधानी पीछे नहीं है। शहर में नशा और अपराधियों का बढऩा कानून व्यवस्था की नाकामी है, जिस पर पर प्रदेश की सरकार का नियंत्रण नहीं है।


अन्य पोस्ट