राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 3 सितंबर। मोहला-मानपुर-अं. चौकी जिले के ग्राम पिनकापार (कौडूटोला) में घरेलू विवाद के चलते पति ने पत्नी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। उक्त घटना मंगलवार सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार आरोपी पति देवेन्द्र कुमार साहू को अपनी पत्नी दामिनी साहू (30 वर्ष) पर चरित्र संदेह था। इसी शक के चलते मंगलवार सुबह करीब 5 से 5.30 बजे के दौरान पति देवेन्द्र ने घर में रखे कुल्हाड़ी से अपनी पत्नी दामिनी पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से दामिनी की मौके पर ही मौत हो गई। हो-हल्ला के बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं आरोपी पति अपनी पत्नी को जान से मारने के बाद गांव में छुप गया था, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया। बताया गया कि मृतिका के दो बच्चे हैं।
इधर उक्त घटना से गांव में सन्नाटा पसरा रहा।


