राजनांदगांव

ढाई लाख के 50 नग सूअर की डकैती के पांच आरोपी गिरफ्तार
19-Aug-2025 4:24 PM
ढाई लाख के 50 नग सूअर की डकैती  के पांच आरोपी गिरफ्तार

चिचोला पुलिस ने दस दिन के भीतर आरोपियों को धरदबोचा

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता

राजनांदगांव, 19 अगस्त। चिचोला इलाके में हाईवे में दस दिन पहले एक पिकअप वाहन से सूअर की डकैती की घटना को अंजाम देने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को धरदबोचा है। नेशनल हाईवे में  डकैती की घटना से पुलिस को जवाब देने में मुश्किल हो रही थी। वाहन में 2 लाख 50 हजार रुपए कीमत का 50 नग सूअर था, जिसे बिलासपुर बेचने के लिए ले जाया जा रहा था।

मिली जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र नागपुर के उदगीर के रहने वाले तानाजी व्यंकेट जाधव सूअर पालन का कार्य करता है। इसी कारोबार के चलते उसने 7 अगस्त को पिकअप वाहन में ढ़ाई लाख रुपए कीमत का 50 नग सूअर बिलासपुर के लिए रवाना किया। इसी बीच रात लगभग 2 बजे जैसे ही उसका भतीजा लहू जाधव और चालक ईश्वर शिंदे चिचोला से आगे बढ़ रहे थे। इस दौरान एक अज्ञात स्कार्पियों वाहन ने अपर-डिपर देकर वाहन को रूकवाया।

 अज्ञात स्कार्पियो से 7-8 युवक उतरे और डकैती की नीयत से  सूअरों और 3 नग मोबाइल को लूट लिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। डकैती के शिकार प्रार्थी ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। नेशनल हाईवे में हुए घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सरगर्मी से आरोपियों की तलाश शुरू की।

इस संबंध में चिचोला पुलिस चौकी प्रभारी कृष्णा पाटले ने ‘छत्तीसगढ़’  को बताया कि शिकायकर्ता के बताए हुलिये के आधार पर कुछ संदिग्धों तक पुलिस पहुंची। इसके बाद भूपेश मानिकपुरी, राजू निषाद, गोविंदा गोराई (सभी डोंगरगढ़) तथा महाराष्ट्र के दो युवकों राहुल धुर्वे व विनोबा भावे को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों से घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो वाहन और स्वीफ्ट डिजायर कार को जब्त किया गया है। साथ ही 50 हजार नगद भी आरोपियों से बरामद किया गया है।


अन्य पोस्ट