राजनांदगांव
डोंगरगढ़ के राका गांव की घटना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 अगस्त। डोंगरगढ़ शहर से सटे राका गांव में एक घरेलू विवाद में एक बहू ने अपनी सास की फूंकनी और लकड़ी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। बहू ने सास की रोजाना ताना मारने से परेशान होकर यह कदम उठाया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार शाम को आरोपी खोमबाई पटेल 54 साल अपने घर में काम कर रही थी। उसी समय 70 वर्षीय बेदबाई पटेल किसी पुरानी बात को लेकर डंडा लेकर आरोपी महिला के घर पहुंच गई। इस दौरान वह गाली-गलौज करने लगी। आरोपी महिला ने सास को गाली-गलौज नहीं करने के लिए कई बार समझाया, लेकिन वह गुस्से में आकर लगातार झगड़ा करने पर आमादा थी।
बताया जा रहा है कि आरोपी महिला से आए दिन सास का वाद-विवाद होता था। घटना के दिन भी गाली-गलौज करते हुए सास बहू पर ताना मार रही थी। इससे परेशान होकर आरोपी महिला ने कहा कि रोज-रोज के झंझट से वह परेशान है, इसलिए उसने डंडा और लोहे के फूंकनी से सास पर कई वार किए। जिससे उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घटना के बाद आरोपी महिला ने जुर्म करना स्वीकार किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना में प्रयुक्त डंडा और लोहे की फूंकनी को जब्त कर लिया है। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।


