राजनांदगांव

अयोध्या-काशी दर्शन के लिए स्पेशल ट्रेन नांदगांव से रवाना
06-Aug-2025 4:07 PM
अयोध्या-काशी दर्शन के लिए स्पेशल ट्रेन नांदगांव से रवाना

विस अध्यक्ष रमन व पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू ने दिखाई हरी झंडी

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता

राजनांदगांव, 6 अगस्त। मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजनांतर्गत बुधवार को अयोध्या में रामलला और काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए एक स्पेशल ट्रेन रवाना हुई। स्थानीय रेल्वे स्टेशन में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा समेत महापौर मधुसूदन यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत समेत अन्य आला नेताओं की मौजूदगी में ट्रेन को हरी झंडी देकर रवाना किया गया।

यह पहला मौका था जब राजनंादगांव रेल्वे स्टेशन से अयोध्या के लिए एक स्पेशल ट्रेन रवाना हुई। राजनांदगांव-अयोध्या-राजनांदगांव तीर्थयात्रा स्पेशल ट्रेन को रवाना करने के लिए भाजपा के कई दिग्गज नेता भी मौजूद थे। तीर्थयात्रियों का विधानसभा अध्यक्ष समेत अन्य नेताओं ने स्वागत अभिनंदन किया। विस अध्यक्ष डॉ. सिंह ने स्लीपर कोच में जाकर तीर्थयात्रियों को शुभकामनाएं और बधाई दी। इसके बाद उन्होंने यात्रियों की व्यवस्था को लेकर भी रेल अफसरों और प्रशासनिक अधिकारियों से भी चर्चा की। 

नागपुर रेल मंडल के तत्वावधान में छत्तीसगढ़ सरकार  की तीर्थयात्रा योजना के तहत राजनांदगांव जिले से 91 तीर्थयात्री सवार हुए। दुर्ग संभाग से 573 तीर्थयात्रियों ने रामलला और काशी दर्शन के लिए पंजीयन कराया था। तय समय पर हरी झंडी दिखाकर सुबह 11.20 बजे ट्रेन रवाना हुई। 9 अगस्त को उक्त ट्रेन राजनांदगांव वापस लौटेगी। इससे पहले रेल्वे स्टेशन परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भगवान राम का जयघोष किया। वहीं कार्यकर्ताओं ने गाजे-बाजे के साथ तीर्थयात्रियों का अभिनंदन-स्वागत किया।

इस दौरान भाजपा नेता खूबचंद पारख, महापौर मधुसूदन यादव, दुर्ग विधायक गजेन्द्र यादव, रामजी भारती, सुरेश एच. लाल, सौरभ कोठारी, भावेश बैद, चंद्रिका डड़सेना समेत अन्य लोग उपस्थित थे।

 

नीलू का जोशीला स्वागत

राज्य पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा का कार्यकर्ताओं ने जोशीला स्वागत किया। रामलला दर्शन के लिए विशेष ट्रेन चलाने के लिए शर्मा ने राज्य सरकार और रेल मंत्रालय के बीच सतत संपर्क कर अनुमति लेने में अहम भूमिका अदा की थी। स्थानीय रेल्वे स्टेशन में उनके करीबियों और समर्थकों ने उनका स्वागत कर आभार व्यक्त किया। शर्मा के समर्थन में जोशीले नारे लगाए गए। उन्होंने तीर्थयात्रियों को भगवान राम की नगरी अयोध्या और काशी विश्वनाथ का दर्शन करने जाने के लिए अपनी ओर से शुभकामनाएं दी। शर्मा ने कार्यकर्ताओं के साथ तीर्थयात्रियों से सफर के संबंध में जानकारी हासिल की। रेल मंत्रालय के अफसरों को शर्मा ने यात्रा में सभी का विशेष ध्यान रखने का आग्रह किया।


अन्य पोस्ट