राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 1 अगस्त। जिले के छुरिया इलाके में एक तेज रफ्तार बाइक में सवार दो नौजवान युवकों की भीषण सडक़ हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक सीधे सडक़ किनारे बिजली खंभे से जा टकराई। भीषण टक्कर के चलते दोनों की मौके पर ही जान चली गई। दोनों युवक मूलत: बिहार के रहने वाले थे। दोनों महाराष्ट्र से एक दोस्त से मिलकर वापस लौट रहे थे, तब यह हादसा हुआ। घटना गुरुवार दोपहर बाद की है।
मिली जानकारी के मुताबिक महराजपुर स्थित गुरूदेव राईस मिल के मजदूर दो युवक मुकेश समल (28 वर्ष) और सुजीतराम (20 वर्ष) गुरुवार दोपहर को महाराष्ट्र से अपने एक दोस्त के साथ मिलकर राईस मिल वापस लौट रहे थे। इस बीच दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच दामाबंजारी और कुल्लूबंजारी के बीच उनकी मोटर साइकिल अनियंत्रित होकर बिजली खंभे से टकरा गई। बाइक तेज गति में थी। टकराने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
दोनों युवक मूलत: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के रहने वाले हैं। लंबे समय से दोनों राईस मिल में मजदूरी करते थे। ऐसी आशंका है कि तेज रफ्तार बाइक को काबू में करने की कोशिश इसलिए सफल नहीं हो पाई क्योंकि बारिश होने से सडक़ में फिसल थी। दोनों की बाइक समेत बिजली खंभे से टक्कर हो गई। घटना के बाद कुछ ग्रामीणों ने 112 को मदद के लिए बुलाया। वाहन के पहुंचने से पहले दोनों की जान चली गई थी। पुलिस का कहना है कि दोनों युवक महाराष्ट्र के काकोडी गांव गए हुए थे। वापसी के दौरान यह जानलेवा हादसा हो गया। पुलिस ने शव को परिजनों के हवाले पोस्टमार्टम के बाद कर दिया।


